लालकिले के संरक्षण कार्य के चलते कई हिस्सों को दर्शकों के लिए बंद किया गया है। पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने वाला लाइट एंड साउंड शो भी इसमें शामिल है, लेकिन ऑनलाइन टिकट बिकने का सिलसिला अभी भी जारी है। एएसआई की वेबसाइट पर अपडेट नहीं होने के कारण पर्यटकों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
लालकिले में करीब एक साल से लाइट एंड साउंड शो संरक्षण कार्य के तहत बंद है। इसके साथ ही लालकिले में मुमताज महल संग्रहालय और वार मेमोरियल संग्रहालय भी काफी समय से बंद हैं।
इसके बावजूद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की वेबसाइट पर ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेक्शन में लाइट एंड साउंड शो के बंद होने की सूचना अपडेट नहीं है।
इस संबंध में देश और विदेशी पर्यटक एएसआई से शिकायत कर रहे हैं। दिल्ली निवासी आशीष श्रीवास्तव समेत कई पर्यटकों ने सोशल मीडिया के जरिये अपनी शिकायतें बताई हैं। आशीष का कहना है कि उन्होंने एएसआई की वेबसाइट से लालकिले में लाइट एंड साउंड शो देखने के लिए टिकट बुक की।
जब वह परिवार के साथ वहां पहुंचे तो वह बंद था। उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि एएसआई बेशक लालकिले के संरक्षण के लिए बहुत अच्छा काम कर रहा है, लेकिन पर्यटकों को सही सूचना देना उनकी जिम्मेदारी है।
पर्यटक अमन का कहना है कि किसी भी ऐतिहासिक स्थल को देखने से पहले वहां की सुविधाओं के बारे में जानते हैं। एएसआई की वेबसाइट पर जानकारी गलत होने के कारण लोग लाइट एंड साउंड शो देखने के लालकिले पहुंचते हैं और मायूस होकर लौट जाते हैं। ऑनलाइन टिकट बुक करके भी उन्हें कुछ नहीं मिलता।
एएसआई अधिकारियों का कहना है कि यदि जानकारी अपडेट नहीं है तो बहुत जल्द कराई जाएगी। पर्यटकों को हुई परेशानी के लिए विभाग द्वारा खेद जताया गया है।