दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल
- फोटो : ANI
उपराज्यपाल अनिल बैजल की अध्यक्षता में दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक में नीट-जेईई परीक्षा न कराने की दिल्ली सरकार की मांग को खारिज कर दिया गया। दिल्ली में यह परीक्षा तयशुदा समय पर सितंबर के पहले सप्ताह में होगी। इसकी जानकारी शनिवार को दिल्ली सरकार को दे गई है।
इससे पहले नीट-जेईई की परीक्षा कराने के केंद्र सरकार के फैसले का दिल्ली सरकार ने विरोध किया था। उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया का कहना था कि या तो परीक्षा स्थगित होनी चाहिए या फिर उसके वैकल्पिक तरीके केंद्र को खोजने चाहिए। महामारी के दौर में पूरी दुनिया में परीक्षा की नई प्रणालियां विकसित हो रही हैं। इसके हजार तरीके हो सकते हैं। केंद्र सरकार को इस पर काम करना चाहिए।
आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि बीते दिनों डीडीएम में यह मसला आया था। इसमें नीट-जेईई की परीक्षा का प्रस्ताव रखा गया था। दिल्ली सरकार के राजस्व मंत्री का कहना है कि छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए परीक्षा नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री भी परीक्षा कराने के हक में नहीं हैं। लेकिन उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री के फैसले को पलटते हुए परीक्षा कराने की इजाजत दे दी है। अब दिल्ली में सितंबर के पहले सप्ताह में नीट-जेईई की परीक्षाएं होंगी।