विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र, कहा-दूसरों को सुनने और सामूहिक हित में फैसले लेने का नाम है नेतृत्व
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समाज और संस्थाओं के लिए सकारात्मक योगदान देने से नेतृत्व की ताकत पैदा होती है। नेतृत्व केवल अधिकार हासिल करने का नाम नहीं, बल्कि दूसरों की बात सुनने, सहमति बनाने और संस्था एवं समाज के व्यापक हित में निर्णय लेने की क्षमता भी है। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को युवाओं को नेतृत्व की यह परिभाषा समझाई। वे इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) की प्रथम यूथ बोर्ड मीटिंग प्रतियोगिता के राष्ट्रीय चरण को संबोधित कर रहे थे।
अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष के रूप में अपनी भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि छात्र राजनीति और जमीनी स्तर पर काम करते हुए शुरू हुआ उनका सफर पार्षद, विधायक और विधानसभा अध्यक्ष तक पहुंचा। सफलता इस बात से तय नहीं होती कि शुरुआत कहां से हुई, बल्कि मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और लगातार सीखने की इच्छा से तय होती है।
विकसित भारत के लिए चाहिए जवाबदेह नेतृत्व
गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य हासिल करने के लिए ईमानदार, सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व जरूरी है। युवाओं में नवाचार और रणनीतिक सोच के साथ जवाबदेही और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी होना चाहिए। उन्होंने विधानसभा और कॉरपोरेट बोर्डरूम की कार्यप्रणाली में समानता बताते हुए कहा कि दोनों जगह संवाद, पारदर्शिता और अलग-अलग विचारों का सम्मान करते हुए फैसले लिए जाते हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विजेताओं को किया सम्मानित
प्रतियोगिता में देशभर के शैक्षणिक संस्थानों की टीमों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने कॉरपोरेट गवर्नेंस, रणनीतिक सोच और निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन किया। विधानसभा अध्यक्ष ने विजेता टीमों को सम्मानित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय चरण तक पहुंचना भी बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने आईसीएसआई की पहल की सराहना की और युवाओं से कहा कि वे अपने पुरस्कार को मंजिल नहीं, बल्कि नई यात्रा की शुरुआत मानें।