नई दिल्ली। राजधानी की जिला अदालतों में बृहस्पतिवार को वकीलों की हड़ताल से न्यायिक कामकाज ठप रहा। यह हड़ताल अधिवक्ता विक्रम सिंह को गुरुग्राम स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की ओर से एक हत्या मामले में कथित रूप से गलत तरीके से फंसाए जाने के विरोध में की गई थी। अधिवक्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। हड़ताल के कारण अधिकतर मामलों की सुनवाई स्थगित हो गई। अदालतों में सामान्य से कम आवाजाही दिखी। राउज एवेन्यू कोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव अधिवक्ता विजय बिश्नोई ने बताया कि जिला अदालतों की समन्वय समिति ने चार नवंबर को बैठक कर यह हड़ताल का फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि वकील और उसके मुवक्किल के बीच बातचीत पूरी तरह गोपनीय होती है। अधिवक्ता को झूठा फंसाना वकीलों की स्वतंत्रता और पेशे के अधिकार का मामला है। दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने भी इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। वकीलों ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक वकील का नहीं, बल्कि पूरे वकालत पेशे की गरिमा का है। संवाद