-पुलिस अधिकारियों के निलंबन की मांग पर अड़े वकील
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। दिल्ली की जिला अदालतों में वकीलों की हड़ताल अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली की सभी जिला बार एसोसिएशनों ने न्यायिक कार्य से दूर रहने का फैसला किया है। ऐसे में बार एसोसिएशन ने मंगलवार को सर्कुलर जारी कर अपने सदस्यों से अगले आदेश तक अदालतों में न्यायिक कार्य नहीं करने की अपील की है। इससे जिला अदालतों में मुकदमों की सुनवाई और अन्य न्यायिक कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। बार एसोसिएशनों की समन्वय समिति ने एसीपी मनस्वी वशिष्ठ, संबंधित थाना प्रभारी (एसएचओ) और अन्य पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की है। वकीलों का कहना है कि संबंधित मामले में पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन के तहत बुधवार को सुबह 11 बजे साकेत कोर्ट परिसर के बाहर वकील एकत्र होंगे। यहां पुलिस की कथित ज्यादतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। बार एसोसिएशन ने अधिक से अधिक वकीलों से इसमें शामिल होने की अपील की है। विरोध को आगे बढ़ाते हुए बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे पटियाला हाउस कोर्ट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा। वकीलों का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराना है। वकीलों ने कानूनी समुदाय की गरिमा, सुरक्षा और स्वतंत्रता का हवाला देते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई है।