मंगलवार को अधिवक्ताओं ने हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने वाणिज्य कर विभाग के मैन गेट पर ताला लगा दिया। मैन गेट से किसी भी अधिकारी व कर्मचारी को अंदर नहीं जाने दिया गया।
अधिकारी व कर्मचारी दूसरे गेट से अंदर गए। हालांकि वह शाम को ही बाहर निकल सके। अधिवक्ताआें ने सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक गेट पर ताला लगाए रखा।
पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग का मुद्दा गर्माता जा रहा है। पूर्व में हुई हड़ताल से कचहरी के साथ वाणिज्य कर विभाग और अन्य सरकारी विभाग बुरी तरह प्रभावित हुए थे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पंडित ने बताया कि बीस तक कचहरी में हड़ताल रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन अलग-अलग 11 अधिवक्ता धरने का नेतृत्व करेंगे।
फेडरेशन ऑफ ऑल टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वाईके शर्मा ने बताया कि अधिवक्तागण सुबह एकत्र हुए और वाणिज्य कर विभाग पहुंचकर मैन गेट पर ताला लगा दिया।
अधिकारी और कर्मचारी अपने समय पर पहुंचे लेकिन उन्हें समझाया गया कि यह आंदोलन किस लिए किया जा रहा है। अधिकारियों ने वाहन बाहर खड़ा कर दूसरे गेट से मुख्यालय में पहुंचे।
अधिवक्ता गेट पर ही तख्त बिछाकर शाम पांच बजे तक बैठे रहे। उन्हाेंने पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार रखा। धरने में एडवोकेट जावेद खान सैफ, व्यापारी नेता तिलक राज अरोड़ा समेत कई अन्य मौजूद थे।