धमकी भरी पोस्ट में लिखी ये बातें
चंडीगढ़ व गुरुग्राम के क्लबों में हुए धमाकों को लेकर लॉरेंस गैंग के रोहित गोदारा बीकानेर ने सोशल मीडिया में डाली पोस्ट में अपने साथ गोल्डी बराड़ का नाम भी लिया है। इसमें कहा गया है कि चंडीगढ़ व गुरुग्राम के क्लबों में हुए धमाके उन्होंने कराए हैं। जो जुआ, सटोरिये, बुकी, हवाला कारोबारी और डांस क्लब प्रतिदिन करोड़ों रुपये कमा रहे हैं, इन सबको टैक्स देना होगा।
जो गरीबों का खून चूसते हैं और जो देश का टैक्स चोरी करके दो नंबर से करोड़ों रुपये कमाते हैं, उन सबको भुगतान करना पड़ेगा। इसे हमारी चेतावनी मत समझना। हम जो बोलते हैं वो करते हैं। पोस्ट में लॉरेंस बिश्रोई ग्रुप, गोमी मान ग्रुप, काला राणा, वीरेंद्र चरण व रणदीप को भी हैशटैग किया गया है।
चंडीगढ़ के बाद गुरुग्राम में क्लब के बाहर फेंके गए थे बम
बता दें कि चंडीगढ़ के दो क्लबों में हुए धमाकों के बाद बीते मंगलवार की सुबह गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित टॉय बॉक्स क्लब के साथ ह्यूमन पब क्लब के बाहर मेरठ के रहने वाले सचिन नामक युवक ने दो बम फेंके थे। इनमें एक बम फट गया जबकि दूसरा वहीं पड़ा रहा। आरोपी युवक तीसरा बम फेंक ही रहा था कि इससे पहले पुलिस ने उसे धर दबोचा। आरोपी अभी पुलिस की सात दिन की रिमांड पर है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।