अदालत ने सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले से संबंधित दस्तावेज शशि थरूर को देने के लिए पुलिस को आखिरी मौका दिया है। बचाव पक्ष कई बार अदालत में दस्तावेज की सीडी न खुलने पर कोर्ट को आगाह करा चुका है। मामले की सुनवाई के लिए 14 जनवरी की तारीख तय की गई है।
पटियाला हाउस अदालत के एसीएमएम समर विशाल के समक्ष फोरेंसिक अधिकारी ने पेश होकर बताया कि पुलिस ने जो हार्ड डिस्क व यूएसबी दी थी, उनकी कॉपी बनाकर पुलिस को दी गई थी। वही पुलिस ने बचाव पक्ष को दी है।
कोर्ट के समक्ष बचाव पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विकास पाहवा ने कहा कि जो सीडी पुलिस ने दी है उनमें से एक सीडी खुल नहीं रही है और जो दूसरी खुल रही है उसमें कोई डाटा नहीं है। इसके अलावा जो एक हार्ड डिस्क दी गई है, जिसमें सुनंदा पुष्कर के ई-मेल होने की बात कही गई है उसमें कोई ई-मेल नहीं है। यह इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज शीघ्र पुलिस से दिलवाए जाएं।