मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का बृहस्पतिवार को अंतिम मौका है। चुनाव आयोग के निर्देश पर चलाए गए विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण की समय सीमा 20 नवंबर को समाप्त हो रही है। करीब एक माह तक चले इस विशेष अभियान में अब तक 35 हजार नए मतदाताओं ने अपने आवेदन जमा किए हैं।
एडीईओ हरिकृष्ण शर्मा ने बताया कि पहले आवेदन की अंतिम तारीख 10 नवंबर थी। बाद में इसे 20 नवंबर तक बढ़ा दिया गया था। उन्होंने बताया कि 35 हजार आवेदनों की जांच अब एक दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी।
इसके बाद इनकी डाटा एंट्री का काम शुरू होगा। उन्होंने बताया कि जनवरी 2015 तक इन सभी आवेदकों को रंगीन मतदाता पहचान पत्र जारी कर दिए जाएंगे।
जनवरी में गाजियाबाद में ही बनने शुरू होंगे कलर वोटर आईकार्ड
जनवरी 2015 से गाजियाबाद में ही रंगीन मतदाता वोटर आईकार्ड बनाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी की जा चुकी हैं। फिलहाल मामला सॉफ्टवेयर पर अटका हुआ है।
एडीईओ हरिकृष्ण शर्मा के अनुसार दिसंबर में सॉफ्टवेयर मिलने की उम्मीद है। ऐसे में जनवरी से रंगीन वोटर आईकार्ड गाजियाबाद में ही बनने शुरू हो जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों के वोटर आईकार्ड खो गए हैं, वह भी 25 रुपये शुल्क देकर अपना कार्ड बनवा सकते हैं। नए आवेदकों को इसके लिए सिर्फ 15 रुपये ही जमा कराने होंगे।