सभी परीक्षा अवसर खत्म होने के बाद भी डिग्री पूरी नहीं कर सके छात्रों को राहत
6 नवंबर तक करना होगा आवेदन, 25 हजार रुपये फीस और प्रति पेपर 1200 रुपये देने होंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। अब वे अपनी अधूरी डिग्री पूरी करने के लिए एक बार फिर परीक्षा दे सकेंगे। विश्वविद्यालय ने ऑर्डिनेंस 10, 11 और 25 के तहत विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के छात्रों को यह अतिरिक्त अंतिम अवसर दिया है।
यह मौका उन विद्यार्थियों के लिए है जो पाठ्यक्रम की निर्धारित अवधि पूरी नहीं कर पाए। साथ ही जिनके अधिकतम परीक्षा अवसर भी समाप्त हो चुके हैं। आईपीयू के अनुसार जून 2026 तक जिनके सभी निर्धारित परीक्षा अवसर समाप्त हो चुके हैं, वे इसका लाभ उठा सकेंगे। इसमें विषम और सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शामिल होंगी। केवल वही विद्यार्थी पात्र होंगे जिन्होंने अपने पाठ्यक्रम की पढ़ाई पूरी की हो। साथ ही परीक्षा योजना के तहत मिलने वाले सभी अवसरों का इस्तेमाल कर लिया हो। अतिरिक्त अंतिम अवसर की परीक्षाएं केवल ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएंगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर तय की गई है।
पात्रता और आवेदन प्रक्रिया
जिन विद्यार्थियों के पास डिग्री पूरी करने के लिए अभी नियमित परीक्षा अवसर बाकी हैं, वे इसका लाभ नहीं ले सकेंगे। छात्रों को अतिरिक्त अंतिम अवसर का लाभ लेने के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ उन पेपरों की सूची भी देनी होगी जिनमें वे परीक्षा देना चाहते हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि आवेदन पर संबंधित डीन, डायरेक्टर या प्रिंसिपल के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं।
परीक्षा शुल्क और तिथियां
अतिरिक्त अंतिम अवसर के तहत परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। उन्हें 25 हजार रुपये पढ़ाई जारी रखने की फीस देनी होगी। इसके अलावा प्रत्येक विषय के लिए 1200 रुपये दोबारा परीक्षा में बैठने की फीस अलग से जमा करनी होगी। विषम सेमेस्टर की अतिरिक्त अंतिम अवसर परीक्षाएं दिसंबर 2026-जनवरी 2027 में होंगी। सम सेमेस्टर की परीक्षाएं मई-जून 2027 में आयोजित होंगी।