- प्रति विषय 320 रुपए शुल्क के साथ 2000 रुपए लेट फीस, 22 अप्रैल के बाद होगी स्क्रीनिंग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दसवीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए लिस्ट ऑफ कैंडिडेट (एलओसी) भरने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 21 और 22 अप्रैल को छात्र लेट फीस के साथ एलओसी जमा कर सकते हैं। बोर्ड के अनुसार, जिन छात्रों या स्कूलों ने 16 से 20 अप्रैल के बीच बिना विलंब शुल्क के आवेदन नहीं किया, उन्हें अब प्रति विषय 320 रुपये के साथ 2000 रुपये लेट फीस का भुगतान करना होगा। यह प्रक्रिया केवल स्कूलों के माध्यम से ही पूरी की जा सकेगी।
22 अप्रैल को एलओसी जमा करने की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद सभी आवेदनों की स्क्रीनिंग की जाएगी। बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक, स्क्रीनिंग के बाद ही यह तय होगा कि कितने छात्र दूसरी परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे। ऐसे में छात्रों और स्कूलों को सलाह दी गई है कि वे फॉर्म भरते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक जांच लें, ताकि किसी तरह की त्रुटि से बचा जा सके।
सीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी विषय के लिए निर्धारित शुल्क 320 रुपये से अधिक नहीं लिया जा सकता। यदि कोई स्कूल अतिरिक्त शुल्क मांगता है तो छात्र और अभिभावक इसका विरोध कर सकते हैं। एलओसी प्रक्रिया के तहत छात्रों को कुछ विकल्प भी दिए गए हैं। जो छात्र दूसरी परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहते, वे अपना नाम वापस ले सकते हैं। वहीं, गणित विषय में विकल्प बदलने की अनुमति दी गई है। मुख्य परीक्षा में गणित स्टैंडर्ड लेने वाले छात्र दूसरी परीक्षा में गणित बेसिक चुन सकते हैं। इसके अलावा, मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से किसी भी तीन विषयों में अपने अंकों में सुधार के लिए दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करें।