दिल्ली न्यायिक सेवा परीक्षा 2018 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वालों के पास आज(सोमवार) आखिरी मौका है। हाईकोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए 22 दिसंबर की अंतिम तिथि को 24 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। इस परीक्षा की अंतिम तिथि को 22 दिसंबर से घटाकर 12 दिसंबर कर दिया गया था, जिससे बहुत से अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पाए थे।
न्यायमूर्ति विपिन सांघी व न्यायमूर्ति एके चावला की खंडपीठ ने अपने आदेश में कहा कि जब एक बार ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 22 दिसंबर तय कर दी गई थी तो उसे कम कर हाईकोर्ट के प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा 12 दिसंबर नहीं किया जा सकता।
यह फैसला हाईकोर्ट ने 12 अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनवाई के बाद सुनाया है। याचिका दायर करने वाले अभ्यर्थियों की ओर से अधिवक्ता सिद्धार्थ शंकर राय ने कहा कि यह अभ्यर्थी राजस्थान, झारखंड, उत्तराखंड व हरियाणा राज्य की विधिक सेवा परीक्षाओं में व्यस्त थे। इसलिए इन्हें अंतिम तिथि पहले किए जाने की जानकारी नहीं मिल पाई।
दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से 13 नवंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, आवेदन की अंतिम तिथि 22 दिसंबर थी। इसे 19 नवंबर को एक अधिसूचना जारी कर 12 दिसंबर कर दिया गया था। इसकी प्रारंभिक परीक्षा की तिथि को भी 10 फरवरी से 13 जनवरी 2019 कर दिया गया था।