नई दिल्ली। त्रिवेणी कला संगम की त्रिवेणी गैलरी में कलाकार असुरवेध की मूर्तिकला प्रदर्शनी लैंग्वेज ऑफ मेटल लगी है। पांच नवंबर से शुरू हुई यह प्रदर्शनी 13 नवंबर तक चलेगी। इसमें कलाकार ने धातु, खासकर कांस्य के जरिए भावनाओं, संबंधों और जीवन को आकार दिया है।
प्रदर्शनी में धातु को कठोरता और मजबूती का प्रतीक नहीं, बल्कि संवेदनाओं और कहानियों को व्यक्त करने वाले माध्यम के रूप में पेश किया गया है। कलाकृतियों में पुरानी यादों, लोक संस्कृति और रोजमर्रा के जीवन की झलक मिलती है। मूर्तियों के जरिए रिश्तों, पहचान और अनदेखी सामाजिक कहानियों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
कलाकार ने प्रदर्शनी माता-पिता और गुरुओं को समर्पित की है। उद्घाटन समारोह में मूर्तिकार एनएस राणा और पद्मश्री सम्मानित बिमन बिहारी दास सहित कला जगत की हस्तियां शामिल हुईं। विकास नंद कुमार के संचालन में यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों को धातु मूर्तिकला का नया दृष्टिकोण देती है।