कोरोना वायरस को लेकर अफवाहों का सिलसिला इस कदर चल रहा है कि देश के सबसे बड़े चिकित्सीय संस्थान में अध्ययनरत या प्रैक्टिस कर रहे डॉक्टरों को मकान मालिक घर से निकल जाने का फरमान सुना रहे हैं।
बुधवार को यह मामला सामने आते ही गृह मंत्रालय ने संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस पर आपत्ति जताते हुए मकान मालिकों से अपील की है कि वे इस तरह का व्यवहार न करें। उन्होंने कहा कि कोरोना से जंग जीतने में देश के डॉक्टरों का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक योगदान रहेगा। इनका सम्मान करें, न कि इन्हें घर से बाहर निकालें।
एम्स के आरडीए अध्यक्ष डॉ. आदर्श प्रताप सिंह ने बताया कि गौतमनगर में रहने वाले एम्स के एक डॉक्टर को मकान मालिक दो-तीन दिन से परेशान कर रहा है। वह बार-बार उन्हें घर खाली करने के लिए धमकी दे रहा है। ऐसी ही घटनाएं देश के अन्य शहरों में भी हो रही हैं, जहां से उन्हें शिकायत मिल रही है।
आरडीए महासचिव डॉ. श्रीनिवासन ने बताया कि डॉक्टरों की इस परेशानी को लेकर पीएमओ और गृह मंत्रालय को पत्र लिखा गया था। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने डॉक्टरों से फोन पर इसकी जानकारी ली।
इसके बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए। इसके अलावा एम्स आरडीए ने देश के कई अस्पतालों में स्वास्थ्यकर्मियों के पास पर्सनल प्रोटेक्शन उपकरण जैसे मास्क, सूट और सैनिटाइजर न होने का मुद्दा भी उठाया।