यमुना प्राधिकरण में 126 करोड़ के जमीन घोटाले मामले में रिमांड के तीसरे दिन पुलिस पूर्व सीईओ पीसी गुप्ता को लखनऊ व सीतापुर से वापस ले आई है। टीम ने वहां पर पीसी गुप्ता के अलावा उनके परिवार और रिश्तेदार के कुछ घरों की तलाशी लेकर साक्ष्य जुटाए हैं।
हालांकि, इन साक्ष्य के संबंध में पुलिस ने ठोस जानकारी नहीं दी है, लेकिन यह जमीन के दस्तावेज आदि हो सकते हैं। सीओ पीयूष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पीसी गुप्ता को लेकर लखनऊ और सीतापुर गई थी।
वहां टीम ने दो दिन तक पीसी गुप्ता व उनके रिश्तेदारों के घर दबिश दी। इस दौरान घोटाले में शामिल रहे आरोपी व उनके करीबी नदारद मिले। जो लोग घर पर मिले, उनसे पूछताछ की गई।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पीसी गुप्ता व घोटाले में शामिल उनके रिश्तेदार व करीबियों के बैंक खातों की जांच की जा रही है। वहीं, उनकी संपत्ति का ब्योरा भी जुटाया जा रहा है। अंदेशा है कि उनके खातों को जल्द सीज करने के अलावा संपत्ति को जब्त करने की भी तैयारी हो सकती है।