शहर में ठगों का गिरोह तेजी से पैर पसार रहा है। आए दिन लोग ठगे जा रहे हैं। वैशाली सेक्टर-4 स्थित शॉप्रिक्स मॉल में कुछ शातिरों ने ऑफिस खोलकर बेरोजगारों को कुवैत और रूस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और 13 लोगों से 15-15 हजार रुपये हड़प लिए। दूसरे दिन पीड़ित ऑफिस पर पहुंचे तो वहां उन्हें ताला पड़ा मिला। पीड़ितों ने इंदिरापुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शातिर ठगे गए 13 लोगों के पासपोर्ट भी ले गए।
वर्धमान पश्चिम बंगाल में अतानुघोष परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें एक व्यक्ति ने कॉल कर सऊदी अरब, कुवैत, रूस में अच्छी नौकरी लगवाने के नाम पर गाजियाबाद बुलाया। वह वैशाली के शॉप्रिक्स मॉल स्थित व्यक्ति के बताए ऑफिस के पते पर पहुंचे। उनके साथ पश्चिम बंगाल और बिहार के अन्य लोग भी थे।
वह फोन पर बताई गई कंपनी एमएस व्हील इंजीनियरिंग के ऑफिस में पहुंचे। यहां पर परवेज आलम और शिव शंकर कुमार से उनकी मुलाकात हुई। परवेज ने कुवैत और रूस में चालक समेत अन्य पदों पर नौकरी दिलाने की बात कही। आरोप है शातिरों ने उसने पासपोर्ट और 15-15 हजार रुपये जमा कराने को कहा ताकि उन लोगों के वीजा बन सके।
करीब 13 लोगों ने 15-15 हजार रुपये और पासपोर्ट जमा करा दिए। जब वह कुछ दिन बाद उस ऑफिस में पहुंचे तो वहां ताला लगा था। तब बेरोजगारों को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। पीड़ितों ने इंदिरापुरम थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दी।
ठगी की शिकायत आई है। तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही ठगों को पकड़ लिया जाएगा।
- जितेंद्र सिंह, एसएचओ, इंदिरापुरम
वसुंधरा में भी ठगों ने की थी वारदात
करीब एक माह पूर्व इंदिरापुरम थाने के पास वसुंधरा सेक्टर-12 में एक कॉम्पलेक्स में ऑफिस खोलकर शातिरों विज्ञापन देकर लोगों को झांसे में लिया। इसके बाद विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 27 से अधिक लोगों से लाखों रुपये ठगकर भाग गए थे। पुलिस आज तक भी उनका पता नहीं लगा सकी है।