अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने तत्परता और तकनीकी जांच के जरिये ऑटो में छूटे पांच लाख रुपये नकद से भरे बैग को कुछ ही घंटों में बरामद कर उसके असली मालिक को सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई में ऑटो चालक की ईमानदारी ने भी अहम भूमिका निभाई। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि 6 अगस्त को किराड़ी निवासी चमन अपने एक रिश्तेदार से मिलने एलएनजेपी अस्पताल जा रहे थे। रिश्तेदार का अस्पताल में इलाज चल रहा था। चमन अपने साथ इलाज के खर्च के लिए पांच लाख रुपये नकद लेकर निकले थे। मुकुंदपुर चौक भलस्वा के पास ऑटो से उतरने के बाद वह अपने एक दोस्त से मिलने चले गए। इसी दौरान वह नकदी से भरा बैग ऑटो में ही भूल गए। कुछ देर बाद बैग छुटने का याद आने पर उन्होंने ऑटो की तलाश की, लेकिन तब तक ऑटो वहां से जा चुका था। चमन तुरंत भलस्वा डेयरी थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।