नई दिल्ली। देश में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के बीच अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत संचालित स्कैन एंड रजिस्टर सेवा के उपयोग में देशभर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पहला स्थान हासिल किया है। एम्स नई दिल्ली में इस सेवा के माध्यम से अब तक 54.29 लाख से अधिक ओपीडी पंजीकरण किए जा चुके हैं, जो सरकारी अस्पतालों में सबसे अधिक हैं।
अक्तूबर 2022 में शुरू की गई स्कैन एंड रजिस्टर सेवा (पूर्व में स्कैन एंड शेयर) के जरिए मरीज केवल एक क्यूआर कोड स्कैन कर डिजिटल रूप से ओपीडी पंजीकरण कर सकते हैं। इससे लंबी कतारों और कागजी प्रक्रिया से राहत मिली है और मरीजों का अस्पताल में इंतजार का समय भी कम हुआ है। ब्यूरो