निर्माण सामग्री के सैंपल लेकर लैब भेजे, टेंडर और ड्राइंग की कॉपी मांगी
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन।
शहीद नायक राजेंद्र सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हथीन में करीब 33.24 लाख रुपये की लागत से बन रही उपमंडल स्तरीय लाइब्रेरी के निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है। पूर्व पार्षद रविन कुमार, पार्षद हेमंत राजपूत और स्थानीय निवासी गजराज आर्य ने जिला उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर से शिकायत कर निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि निर्माण में पीली और पुरानी ईंटों, काले क्रेशर सहित घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। आरसीसी कॉलम की फुटिंग की गहराई, फुटिंग का आकार, स्टील की मात्रा और कॉलम का साइज मानकों के अनुरूप नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है। टाई बीम में दो सरिया लगाए जाने और बीम की मोटाई कम होने की बात भी शिकायत में कही गई है। शिकायतकर्ताओं ने पुराने भवन की नींव और दीवारों का नए निर्माण में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए डीएनआईटी, बीओक्यू, वर्क ऑर्डर, स्वीकृत ड्राइंग, एमबी और बिलों की जांच कराने की मांग की है।
डीसी ने एसडीओ को सौंपी जांच
जिला उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग के एसडीओ विपिन व्यास को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। एसडीओ ने मौके से निर्माण सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। साथ ही नगरपालिका से लाइब्रेरी के टेंडर और स्वीकृत ड्राइंग की कॉपी मांगी गई है।
पेड़ काटने और मंजूरियों की जांच की मांग
शिकायतकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में पुराने कमरों को तोड़ने और लाइब्रेरी निर्माण के लिए संबंधित मंजूरियों की भी जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि परिसर में हरे पेड़ काटने से पहले वन विभाग से अनुमति नहीं ली गई। उन्होंने निर्माण कार्य का स्वतंत्र स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने और जांच पूरी होने तक निर्माण व भुगतान रोकने की मांग भी की है।
लाइब्रेरी विद्यार्थियों और आमजन के उपयोग के लिए बन रही है। निर्माण में गुणवत्ता से समझौता होने का आरोप है, इसलिए इसकी जांच जरूरी है।गजराज आर्य, स्थानीय निवासी
भवन की फुटिंग, कॉलम, टाई बीम और निर्माण सामग्री को लेकर शिकायत की गई है। निर्माण की गुणवत्ता और संरचनात्मक सुरक्षा की जांच होनी चाहिए।रविन कुमार, पूर्व पार्षद
- जिला उपायुक्त ने जांच सौंपी है। मौके से निर्माण सामग्री के सैंपल लेकर लैब भेज दिए गए हैं। नगरपालिका से टेंडर और ड्राइंग की कॉपी मांगी गई है। जांच रिपोर्ट डीसी को सौंपी जाएगी विपिन व्यास, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी
लाइब्रेरी निर्माण में अनियमितताओं की शिकायत मिली है। इसकी जांच लोक निर्माण विभाग के एसडीओ विपिन व्यास को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर, जिला उपायुक्त पलवल