लाजपत नगर इलाके में शनिवार देर रात तेज रफ्तार शेवरले क्रूज कार ने सड़क किनारे दूसरी कार का टायर बदल रहे युवक समेत तीन को उड़ा दिया। हादसे में टायर बदल रहे युवक मोहम्मद आफाक (24) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल नीतिश और गौरव को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
हादसे के समय लग्जरी क्रूज कार को लाजपत नगर के एक बड़े कारोबारी की बेटी चला रही थी। राहगीरों का कहना है कि हादसे के समय लड़की नशे में थी। आरोपी पुलिस की मौजूदगी में कार छोड़कर दो युवती फरार हो गईं। हालांकि, रविवार को मामला दर्ज कर अनन्या खुराना (21) को गिरफ्तार कर लिया गया।
हादसा शनिवार देर रात 1.40 बजे लाजपत नगर के पास रिंग रोड पर हुआ। ओखला निवासी रुद्र आशीष पांडेय दो दोस्त नीतिश और गौरव के साथ मोती बाग इलाके में शादी समारोह से लौट रहे थे। शेवरले ऐवियो कार को रुद्र आशीष चला रहा था। मूलचंद अंडरपास से लाजपत नगर की ओर बढ़ते हुए रिंग रोड पर अचानक कार के साइड का टायर फट गया।
रुद्र ने कार को एक ओर खड़ा कर पंक्चर लगाने वाले युवक को कॉल किया। आश्रम से एक युवक वहां पहुंचा और उसने टायर न होने की बात कर जामिया नगर के जाकिर नगर से दूसरे युवक मोहम्मद आफाक को कॉल किया। आफाक करीब डेढ़ बजे टायर लेकर मौके पर पहुंच गया और टायर बदलने लगा।
इस बीच रुद्र आशीष, गौरव और नीतिश उसके पास खड़े हो गए। अचानक मूलचंद की ओर से सफेद रंग की क्रूज कार बेहद तेज गति से आई और उसने ऐवियो को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऐवियो कार का पिछला पहिया मुड़कर टूट गया।
वहीं क्रूज कार की चपेट में टायर बदल रहा आफाक और वहां खड़े गौरव व नीतिश आ गए। क्रूज कार के एयर बैग भी खुल गए। आफाक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहगीरों ने घायल दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचा दिया।
पुलिस की मौजूदगी में फरार हुईं युवतियां
दुर्घटना के बाद गाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के साथ कार चला रही युवती के साथ एक अन्य युवती भी बहस करते देखी गई। राहगीरों का कहना था कि वह नशे की हालत में थीं। पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों लड़कियां मौके से फरार हो गईं। पुलिस ने आफाक के शव को रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
यूएसए से मेकअप आर्टिस्ट का कोर्स कर लौटी है अनन्या...
पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि आरोपी युवती ने बताया कि वह लाजपत नगर पार्ट-2 में रहती है। उसके पिता के लाजपत नगर इलाके में कपड़ों के कई शोरूम हैं। अनन्या ने केलिफोर्निया, अमेरिका से मेकअप आर्टिस्ट का कोर्स किया है। दिसंबर 2018 में ही वह कोर्स कर भारत लौटी है।
हादसे के समय वह आईजीआई एयरपोर्ट पर अपने दोस्त को लेकर वापस घर लौट रही थी। दूसरी इनोवा कार में उसके परिजन भी थे। पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अनन्या एयरपोर्ट से ही लौट रही थी कि कहीं और से। पुलिस ने छानबीन के लिए युवती के ब्लड सैंपल ले लिए हैं।
लाजपत नगर थाने के बाहर हंगामा
हादसे में टायर बदल रहा आफाक परिवार के साथ गली नंबर-43, जाकिर नगर, जामिया नगर में रहता था। इसके परिवार में पत्नी और एक बच्चे के अलावा बाकी सदस्य हैं। आफाक के भाई तरुण ने बताया कि शनिवार रात को वह घर पर सो रहा था। अचानक कॉल आया तो वह टायर लेकर लाजपत नगर के लिए निकल गया। देर रात को परिवार को हादसे का पता चला।
आफाक के परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद आरोपी युवतियों को पुलिस ने जानबूझकर भगाया गया। युवती ने शराब पी हुई थीं। युवती को इसलिए भगाया गया कि उनकी शराब पीने की पुष्टि न हो सके। रविवार को जब उसे गिरफ्तार किया गया है, तब उसकी शराब पीने की पुष्टि नहीं हो पाएगी।
इस बात से गुस्साए परिजनों ने लाजपत नगर थाने के बाहर खूब हंगामा किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर परिवार को हटाया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
हादसे के बाद क्रूज में मौजूद युवतियों ने मचाया हंगामा
लाजपत नगर हादसे के बाद क्रूज कार में मौजूद युवतियों ने खूब हंगामा किया। युवतियां पुलिस कर्मियों से बहस करती दिख रही थीं। राहगीरों ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल भी हो गया। वीडियो में युवतियां पुलिस कर्मियों को नीची आवाज में बात करने के लिए धमकाती हुई दिखाई दे रही है।
वीडियो में दिख रहा है कि हादसे में शेवरले क्रूज कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस बीच भीड़ का फायदा उठाकर दोनों युवतियां वहां से भाग गई। लोगों का कहना है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जानबूझकर युवतियों को भगाया था।