आरटीआई कार्यकर्ता चंद्रमोहन की मौत की सूचना मिलने पर इंसाफ की मांग करने वाली आम आदमी पार्टी अब उलटा राग अलापने लगी है। कभी चंद्रमोहन को अपना कार्यकर्ता बताने वाली पार्टी ने उसके जिंदा होने की जानकारी मिलते ही पल्ला झाड़ लिया है।
आम आदमी पार्टी ने अपने ट्विटर पर लिखा कि उसका चंद्रमोहन से कोई लेना देना नहीं है और वह कभी पार्टी का कार्यकर्ता नहीं रहा। चंद्रमोहन की मौत की सूचना मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने सहयोगियों के साथ उसकी पत्नी सविता से मिलने गए थे।
बंगलुरू में चंद्रमोहन की गिरफ्तारी के बाद जब उसे नोएडा लाया गया तो काफी गहमागहमी रही। आप नेता कुमार विश्वास ने अपने ट्विटर पर चंद्रमोहन के कारनामे की सजा भी मुकर्रर कर दी है।
आप नेता ने अपने ट्वीट में चंद्रमोहन की पत्नी का जिक्र भी किया है।