-पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल, हफ्ते भर में दूसरी बार आया धमकी भरा कॉल, चिंता में परिवार, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। कोंडली से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलदीप कुमार को एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार जान से मारने की धमकी मिली है। घटना के बाद कुलदीप कुमार ने दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। दावा है कि घटना के बाद से ही उनके परिवार में उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई हैं। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इस मामले में शिकायत मिली है। उनका कहना है कि जिन दोनों मोबाइल नंबरों से धमकियां मिली हैं, उनकी पहचान की जा रही है। फिलहाल पुलिस दोनों अज्ञात मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड और उनकी लोकेशन पता कर रही है।
विधायक कुलदीप कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की हैं। उन्होंने लिखा कि उन्हें फिर एक अज्ञात नंबर से जान से मारने की धमकी मिली है। दावा है कि यह पिछले एक हफ्ते में दूसरी धमकी है। विधायक ने अपने ट्वीट में नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके ऊपर हुए पिछले हमले और धमकियों के मामले में अब तक न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई है और न ही किसी अपराधी को पकड़ा जा सका है। उन्होंने सिस्टम पर सवाल उठाते हुए लिखा कि क्या अब अपराधियों के मन से कानून का डर बिल्कुल खत्म हो गया है। वहीं, पुलिस ने ट्वीट के बाद से मामले की जांच तेज कर दी है।