फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

#KabTakNirbhaya : हैदराबाद की घटना पहली नहीं रोज जलाई जा रही हैं बेटियां

Sat, 30 Nov 2019 07:39 PM IST
Avdhesh Kumar अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
विज्ञापन
हैदराबाद केस - फोटो : self
विज्ञापन
हैदराबाद में एक युवती के साथ दुष्कृत्य और फिर जलाकर मार देने की घटना से देश के जनमानस की भावनाओं में उबाल आ गया है। दिसंबर 2012 की यादें ताजा हो गई हैं। लोग सड़कों पर निकल आए हैं और सोशल मीडिया पर सरकार-प्रशासन के दावों की पोल खुलने लगी है। हालांकि लोग कितना भी विरोध कर लें लेकिन इसकी कोई भी गारंटी नहीं है कि ऐसी वारदात को फिर अंजाम नहीं दिया जाएगा। क्योंकि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी हमारे देश में कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। जानिए कब कब ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया गया।
विज्ञापन


हैदराबाद के बाद, पिछले नौ दिनों से तड़प रही संभल की निर्भया ने भी तोड़ा दम

शनिवार को उत्तर प्रदेश के संभल जिले की एक निर्भया ने भी हैवान के हमले से जूझते हुए दम तोड़ दिया। बीते 21 नवंबर को संभल के नखासा थाना क्षेत्र के कस्बे में एक किशोरी के साथ एक दरिंदे ने दुष्कर्म कर उसे जिंदा जला दिया था। पिछले कई दिनों से गंभीर हालत में किशोरी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती थी। कई बार उसके बयान लेने की कोशिश की गई, लेकिन वह नाम के अलावा कुछ भी नहीं बता पाई। 

दुष्कर्म और जिंदा जलाए जाने के बाद भी वह 9 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझती रही, लेकिन आखिरकार शनिवार सुबह उसके शरीर ने साथ छोड़ दिया। बताया गया कि दुष्कर्म करने का बाद जिस वक्त उसे जलाया जा रहा था, संयोग से उसी समय मौके पर किशोरी की मां पहुंच गई और आरोपी पर लाठी से हमला कर दिया।
विज्ञापन

 
इससे किशोरी उस समय तो बच गई, लेकिन तबतक उसके शरीर का 70 प्रतिशत हिस्सा जल चुका था। अस्पताल में पड़ी किशोरी के गले में नली लगी हुई थी। नखासा थाना पुलिस उसके बयान के लिए लगातार परिसर में मौजूद रही, लेकिन वह कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं थी। आखिरी समय में उसके शरीर में अत्यधिक तकलीफ होने लगी...और आखिरकार संभल की निर्भया ने भी दम तोड़ दिया। 

हालांकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रातभर दबिश देने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को युवक को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जिसके बाद उसे मुरादाबाद जेल भेज दिया गया है।

दुष्कर्म के बाद छात्रा को जलाकर मार डाला, आरोपी ढाई साल बाद हुआ गिरफ्तार


झारखंड की राजधानी रांची के बूटी बस्ती इलाके में बीटेक की छात्रा की दुष्कर्म के बाद जलाकर नृशंस हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी राहुल रॉय उर्फ अंकित उर्फ आर्यन को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की विशेष टीम ने राहुल को गिरफ्तार कर विशेष न्यायिक दंडाधिकारी एके गुड़िया की अदालत में पेश किया। बताया गया कि राहुल मृतक छात्रा का करीबी है।

पुलिस ने उसे इस मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन पुलिस को उससे कुछ जानकारी नहीं मिल सकी थी, इसके बाद उसे छोड़ दिया गया था। 

गौरतलब है कि 2016 की 16 दिसंबर को बूटी बस्ती की बीटेक की छात्रा से दुष्कर्म के बाद उसे जला दिया गया था। पुलिस डेढ़ वर्ष तक खाक छानने के बाद भी हत्यारे का पता नहीं लगा सकी थी। अब सीबीआई आरोपी राहुल को रिमांड पर लेकर उससे कड़ी पूछताछ करेगी। पुलिस ने मई 2018 में इस मामले को सीबीआई को सौंपा था।  

महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश, विरोध पर जलाया

घटना सितंबर 2016 की है जहां एक महिला के साथ एक युवक ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। गंभीर हालत में महिला को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से युवक फरार हो गया।
 
फरार युवक मोहित गांव मूसावली का रहने वाला है और पास के ही एक गांव में महिला का मायका है। बताया जा रहा है कि मोहित के महिला के साथ प्रेम संबंध थे और वह उसकी ससुराल में भी आता जाता रहता था। महिला का पति घर पर नहीं था, उसी समय मोहित घर पहुंच गया। महिला को अकेला देख उसने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। 

विरोध करने पर पहले उसे पीटा, बाद में जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। महिला की चीख सुनकर एकत्रित हुए आसपास के लोगों ने आग बुझाई और उसके पति को घटना की जानकारी दी। महिला का पति उसे एक ठेले में डालकर थाने ले गया, जहां से पुलिस उसे अस्पताल ले गई। 

महिला ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि दुष्कर्म का विरोध करने पर मोहित ने उसे जलाकर मारने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि मोहित की पत्नी भी इनके प्रेम संबंधों को लेकर परेशान थी और उसे छोड़कर चली गई।

नाबालिग के साथ घर में घुस कर बलात्कार, जिंदा जलाया

घटना मार्च 2016 की है जब बिसरख कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक प्रेमी ने दूसरे समुदाय की किशोरी से दुष्कर्म करने के बाद उसे जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार किशोरी का 80 फीसदी शरीर जल गया। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तब 16 वर्षीय लड़की गाजियाबाद स्थित एक स्कूल में दसवीं की छात्रा थी।

बताया गया है कि किशोरी के घर के सामने ही एक टेंट की दुकान पर अजय काम करता है, जिसका किशोरी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि रात को वह घर में सो रहे थे।

एक बजे अजय दीवार फांदकर घर में घुस आया

बगल के कमरे में उसकी बेटी सो रही थी। करीब एक बजे अजय दीवार फांदकर घर में घुस आया और बेटी को छत पर बुलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने बेटी के सिर पर ईंट से हमला कर उसे घायल कर दिया और उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।

करीब 2:30 बजे बेटी के चिल्लाने पर वह पत्नी के साथ छत पर पहुंचे, तब तक किशोरी काफी जल चुकी थी। पिता ने बिसरख पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से लड़की को नोएडा के सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत में देखते हुए डॉक्टरों ने किशोरी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी हालात नाजुक बताई गई।
विज्ञापन

क्या है हैदराबाद का पूरा मामला

हैवानियत की पराकाष्ठा से आगे जाते हुए हैदराबाद में कुछ लोगों ने एक युवा महिला पशुचिकित्सक (27) के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और फिर उसे जिंदा ही जला दिया। इसके बाद उसकी अधजली लाश को पुल से नीचे फेंक दिया गया।

जिस तरह निर्भया को मदद का भरोसा देकर बस में बैठा लिया गया था, उसी तरह मदद का झांसा यहां भी देकर इंसानियत को शर्मसार कर दिया गया। यहां के शादनगर थाने में हुई इस घटना के प्रकाश में आने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी पेशे से ट्रक ड्राइवर और उसके सहायक हैं। इस पशुचिकित्सक का शव शादनगर के बाहरी इलाके में बृहस्पतिवार को बरामद हुआ था। पुलिस को शक है कि इस पशुचिकित्सक के साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या की गई है। 

इस पीड़िता की छोटी बहन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा था कि बुधवार रात नौ बजकर 22 मिनट पर उसकी इस बड़ी बहन से बात हुई थी और उसने कहा था कि वह एक टोल प्लाजा के पास है और किसी ने उसकी स्कूटी के टायर की हवा निकली होने की बात कह कर मदद की पेशकश की थी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें