विवादों और चर्चाओं से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पुराना रिश्ता रहा है। अब उनके एक लिखित माफीनामे ने पूरी पार्टी को ऊपर से लेकर नीचे तक हिला कर रखा दिया है। सिर्फ बाहरी नहीं इस बार केजरीवाल की पार्टी के लोग खुद उनके इस कदम की आलोचना कर रहे हैं।
सबसे पहले आप की पंजाब इकाई के सुखपाल खैरा ने केजरीवाल के कदम को गलत बताया फिर वहीं के पार्टी अध्यक्ष भगवंत मान ने पार्टी पद से इस्तीफा दे दिया। दोनों ही नेताओं ने पंजाब से केजरीवाल के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद कर दिया है। इसके अलावा कपिल मिश्रा ने ब्लॉग लिख कर और कुमार विश्वास ने ट्वीट कर केजरीवाल से सवाल किए हैं।
दरअसल केजरीवाल ने अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पर ड्रग्स तस्करी का आरोप लगाने के लिए माफी मांगी है। उन्होंने अपने माफीनामे में कहा है कि उन्होंने जो आरोप लगाए थे वो गलत थे।
हालांकि माना जा रहा है कि आने वाले दिन में केजरीवाल ऐसी कई माफियां मांगकर 'माफीवाले सीएम' बनने वाले हैं क्योंकि उनके खिलाफ मानहानि के कई मामले दर्ज हैं। इन मामलों में उन्होंने कई बड़े नेताओं पर बड़े-बड़े आरोप लगाए हैं।