नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में कहासुनी के दौरान शान मोहम्मद ने परवेज पर चाकू से चार-पांच वार कर दिए। आरोपी फरार होने का प्रयास कर रहा था लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल परवेज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी। परवेज (40) मौजपुर के विजय मोहल्ला में रहता है और जाहिद की दुकान पर काम करता है। आरोपी शान मोहम्मद भी उसी दुकान पर काम करता था।
सात अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे शान मोहम्मद दुकान पर आया और परवेज से किसी बात पर झगड़ने लगा। शान वहां से चला गया लेकिन कुछ देर बाद चाकू लेकर लौटा और परवेज पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। ब्यूरो