फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली : धौला कुआं के पास मुठभेड़ में दबोचा हाजी हसन उर्फ कलुआ का हत्यारा

Sun, 20 Oct 2019 12:50 AM IST
Mohit Mudgal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Pixabay
विज्ञापन

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में 26 सितंबर को हाजी मोहम्मद हसन उर्फ कलुआ की गोली मारकर हत्या के आरोपी रिजवान अली को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व, पुलिस ने रिजवान को घेरा तो उसने गोली चला दी।

विज्ञापन


जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी। इसके बाद वह काबू में आया। उसे आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक रिवॉल्वर, तीन कारतूस और तीन खोखे बरामद किए हैं। हाजी हसन की हत्या के बाद न्यू उस्मानपुर और बुलंदशहर के साखनी गांव में तनाव हो गया था। हाजी हसन और आरोपी दोनों साखनी गांव के ही रहने वाले थे। मुख्य आरोपी राजू उर्फ बेचैन फरार है।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि 26 सितंबर को भीड़ वाले बाजार में अनवर उर्फ राजू बेचैन और रिजवान अली ने हाजी मोहम्मद हसन उर्फ कलुआ की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जांच में पता चला कि वारदात रुपयों के लेन-देन में हुई है। लोकल पुलिस के साथ अपराध शाखा भी आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 
विज्ञापन


शुक्रवार रात एक सूचना के बाद अपराध शाखा ने धौला कुआं के पास छानबीन शुरू की। आरोपी एक स्कूटी पर दिखा। पुलिस ने जिप्सी लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया तो वह स्कूटी छोड़कर पास की झाड़ियों में घुस गया। इसके बाद रिजवान ने रिवॉल्वर निकालकर पुलिस पर तीन गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि गोली किसी पुलिसकर्मी को नहीं लगी। इसके बाद पुलिस ने भी पांच गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली रिजवान की टांग में लगी। उसे काबू कर अस्पताल पहुंचाया गया। 

पूछताछ में रिजवान ने बताया कि वह मुंबई में वेल्डर का काम करता था। राजू के कहने पर वह अक्सर उसके साथ अपराध करता था। इससे पूर्व, उसने राजू के साथ राजस्थान के गंगानगर में एक युवक पर गोली चलाई थी। उस मामले में वह गिरफ्तार भी हुआ था। अब उसने राजू के कहने पर हाजी हसन की हत्या की है। राजू ने उसे हत्या के बाद पांच लाख रुपये देने का वादा किया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें