दिल्ली के मालवीय नगर थाना पुलिस ने बच्चों को चुराकर बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नोएडा से इस मामले की आरोपी युवती को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मालवीय नगर में रहने वाली वाली सात वर्षीय बच्ची को बरामद किया है। आरोपी बच्ची को नेपाल में बेचने की फिराक में थे। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी पहले कितने बच्चों का अपहरण कर बेच चुके हैं।
दक्षिण जिला डीसीपी प्रेमनाथ के अनुसार, चिराग दिल्ली में रहने वाली महिला ने 15 मार्च को मालवीय नगर थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी सात वर्षीय बेटी गायब है। एक अनजान युवती ने उसका अपहरण कर लिया है। एसआई इंद्रजीत सिंह व एएसआई वेदप्रकाश की टीम को तफ्तीश में पता लगा कि एक युवती शबनम व युवक पीड़ित परिवार के बगल में ही तीन-चार दिन पहले किराए पर रहने आए थे। बच्ची के गायब होने के साथ ही युवक व युवती भी गायब हैं। एसआई इंद्रजीत को पता लगा कि बच्ची को नोएडा सेक्टर-83 के याकूबपुर गांव में रखा गया है। पुलिस ने यहां दबिश देकर नागपुर, महाराष्ट्र निवासी शनबम को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में शबनम ने बताया उसने चंपारण, बिहार निवासी राहुल शाहू के कहने पर बच्ची का अपहरण किया था। बच्ची का अपहरण करने के बाद राहुल बिहार चला गया था। दो दिन बाद शबनम बच्ची को लेकर बिहार जाती। दोनों आरोपी साजिश के तहत ही पीड़ित परिवार के बगल में किराए पर रहने गए थे। इनका पुलिस वेरीफिकेशन नहीं कराने पर मकान मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।