- फ्लाईओवर पर काम होने की वजह से किया बंद, हाईवे की सर्विस रोड से निकल रहे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे (एनएच-352डब्ल्यू) पर स्थित खवासपुर फ्लाईओवर को बिटुमिनस कंक्रीट (बीसी) लेयर डालने के लिए बंद किया गया है। यह सड़क निर्माण के अंतिम चरण का काम है, जिसके कारण यातायात को डायवर्ट किया गया है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के अनुसार, फ्लाईओवर पर डेंस बिटुमिनस मैकाडम (डीबीएम) लेयर पहले ही बिछाई जा चुकी थी। अब मजबूती और स्मूथ फिनिशिंग के लिए नई बीसी लेयर डाली जा रही है। इसका उद्देश्य हाईवे को सुरक्षित और गड्ढा मुक्त बनाना है। बीसी लेयर डालने और उसके सेट होने में कुछ समय लगेगा। इस दौरान वाहनों को सर्विस रोड की तरफ डायवर्ट किया गया है। पीक ऑवर्स में सर्विस रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने से हल्का जाम लग रहा है। हालांकि, हाईवे बनने के बाद खवासपुर गांव के पास जाम से मुक्ति मिली है।
वर्जन
खवासपुर फ्लाईओवर पर बिटुमिनस कंक्रीट (बीसी) की लेयर डालने की वजह से कुछ दिन के लिए रास्ता बंद किया गया है। काम पूरा होते ही फ्लाईओवर को वाहनों के लिए खोला जाएगा। - अक्षय गुप्ता, डिप्टी जनरल मैनेजर, एनएचएआई।