अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अपराध शाखा ने नवीन खाती गिरोह के सक्रिय शूटर ग्राम मित्राओं, दिल्ली निवासी सज्जन उर्फ लाला (34) को गिरफ्तार किया है। आरोपी शूटर एक कुख्यात हिस्ट्री-शीटर है और उसके खिलाफ हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के अपराधों सहित 16 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इसके पास से एक अत्याधुनिक पिस्तौल और दो ज़िंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि शाखा की एंटी गैंग्स स्क्वाड (एजीएस) टीम को 31 मार्च को नवीन खाती गैंग के शूटर सज्जन उर्फ लाला के बारे में एक विशिष्ट खुफिया जानकारी मिली। पुलिस टीम ने गुरु गोविंद यूनिवर्सिटी, द्वारका में घेराबंदी कर सज्जन उर्फ लाला को पकड़ लिया।
साजिश के तहत नौ मार्च, 2014 को सज्जन उर्फ लाला ने अपने सह-आरोपियों राजेश गहलोत उर्फ खोटे, सत्यनंद उर्फ आनंद, नीरज और दीपक डागर के साथ मिलकर प्रताप सिंह को उसके घर के पास तब रोका, जब वह कुआं पूजन समारोह में शामिल होने के बाद अपनी कार से लौट रहा था। आरोपियों ने उस पर कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। प्रताप सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उस मृत घोषित कर दिया।