- अभिमन्यु के साहस और रणकौशल की प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। श्रीराम भारतीय कला केंद्र के वार्षिक केंद्र डांस फेस्टिवल का भव्य आगाज नृत्य-नाट्य ‘चक्रव्यूह’ के साथ हुआ। कमानी ऑडिटोरियम में आयोजित इस प्रस्तुति ने महाभारत के प्रसिद्ध युद्ध प्रसंग को मंच पर जीवंत कर दिया। प्रस्तुति में अभिमन्यु के अदम्य साहस और चक्रव्यूह की जटिल संरचना को नृत्य, अभिनय और भावाभिव्यक्ति के जरिए प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। हर दृश्य में युद्ध की तीव्रता और भावनात्मक गहराई साफ झलकती रही, जिससे दर्शक पूरी तरह जुड़ गए। इस नृत्य-नाट्य की कोरियोग्राफी शशिधरन नायर ने की, जिन्होंने पारंपरिक शैली और आधुनिक प्रस्तुति का संतुलित संगम पेश किया। फेस्टिवल का मार्गदर्शन शोभा दीपक सिंह और गौरी एस. कीलिंग के नेतृत्व में किया जा रहा है।
भव्य मंच सज्जा, हस्तनिर्मित परिधान, मौलिक संगीत और सधी प्रकाश व्यवस्था ने प्रस्तुति को और आकर्षक बना दिया। तीन दिवसीय इस उत्सव में विभिन्न नृत्य-नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य और आधुनिक रंगमंच का सुंदर संगम देखने को मिलेगा।