आम आदमी पार्टी एक मार्च को जंतर-मंतर पर करेगी विशाल जनसभा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी एक मार्च को जंतर-मंतर पर विशाल जनसभा करेगी। इसमें राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भाजपा सरकार में नौकरी से निकाले गए हजारों कर्मचारियों के हक की आवाज बुलंद करेंगे। आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बताया कि जनसभा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता भाजपा सरकार के जनविरोधी फैसलों से परेशान है और अपनी आवाज उठाने के लिए एक मंच की तलाश में है।
चलो जंतर-मंतर का आह्वान करते हुए साैरभ ने बस मार्शल, डीटीसी बस कंडक्टर, मोहल्ला क्लीनिक कर्मचारी, डिम्ट्स कर्मी और अस्पतालों में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों से अपनी-अपनी वर्दी में जनसभा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद संविदा पर काम कर रहे हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है।
10 हजार बस मार्शलों का उठाया मुद्दा
उन्होंने विशेष रूप से 10 हजार बस मार्शलों का मुद्दा उठाया। सौरभ ने कहा कि भाजपा ने सरकार बनने पर बस मार्शलों को पक्की नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। मोहल्ला क्लीनिक में कार्य कर चुकीं स्टाफ नर्स नेहा त्यागी ने भी अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि सरकार ने कर्मचारियों को नियमित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन उल्टा उन्हें नौकरी से हटा दिया गया।