फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए केजरीवाल 1 मार्च से बेमियादी भूख हड़ताल करेंगे

Sat, 23 Feb 2019 04:54 PM IST
यशवीर सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
kejriwal - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल लोक सभा चुनाव अभियान को धार देने के लिए आंदोलन के रास्ते पर हैं। एक मार्च से दिल्लीवालों को संगठित करने के मकसद से वह अनिश्चितकालीन उपवास पर बैठेंगे। इसी मौके पर आप का दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने का आंदोलन भी शुरू होगा। केजरीवाल का दावा है कि पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

विज्ञापन


केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा में इसका एलान किया। वह सदन में नियम 55 के तहत चल रही अल्पकालिक चर्चा के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने दिल्ली की सभी समस्याओं के मूल में दिल्ली का पूर्ण राज्य न होने की बात कही। साथ ही दोहराया कि बीते 70 सालों से दिल्ली में जनतंत्र लागू नहीं हो सका है। दिल्लीवालों के वोट की कीमत दूसरे राज्यों जैसी नहीं है। भाजपा व कांग्रेस का वादा याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि हर चुनाव से पहले दोनों पार्टियां दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने की वादा करती हैं, लेकिन सत्ता हासिल करते ही भूल जाती हैं। इसे दिल्लीवालों के साथ धोखा करार देते हुए केजरीवाल ने कहा कि आज जब आम आदमी पार्टी ने इस मसले का उठाया तो दोनों दल इसका विरोध कर रहे हैं।

पूर्ण राज्य होगा तो सबका होगा अपना घर
केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली पूर्ण राज्य होगा तो हर दिल्लीवासी के पास अपना घर होगा। इतनी दुकानें बनवा दी जाएंगी कि सीलिंग की जरूरत नहीं होगी। हर कच्ची कॉलोनी पक्की होगी, दो लाख से ज्यादा नौकरियां आएंगी, ठेके के सभी कर्मी पक्के होंगे, यूनिवर्सिटी व कॉलेज खुलने से 50 फीसदी अंक पाने वाले बच्चों को दाखिला संभव होगा। उन्होंने एलान किया कि दिल्लीवालों के हक में आप एक मार्च से आंदोलन शुरू करने जा रही है। चुनावी फायदा लेने के लिए उपवास पर जाने के एक सवाल पर उन्होंने  कहा कि हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद की जगह अगर दिल्लीवाले पूर्ण राज्य के दर्जे पर, दिल्ली के बुनियादी मसले पर वोट करते हैं तो गलत क्या है?
विज्ञापन



विज्ञापन

एक मार्च के अनशन पर बोले गोपाल राय

आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि पूर्ण राज्य के लिए मुख्यमंत्री उपवास कहां रखेंगे, इसका फैसला रविवार तक कर लिया जाएगा। शनिवार देर रात मुख्यमंत्री के घर पर आप विधायकों की बैठक है। वहीं, रविवार को मुख्यमंत्री आप के सभी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद आंदोलन की पूरी रूपरेखा सामने आ जाएगी।

उपवास की घोषणा चुनावी स्टंट: गुप्ता 
मुख्यमंत्री केजरीवाल की अनिश्चितकालीन उपवास की घोषणा को विपक्ष ने चुनावी स्टंट करार दिया है। विपक्ष का कहना है कि पूरे देश में राष्ट्रभक्ति का माहौल है और हर भारतवासी के दिल में पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग है। ऐसे में पूर्ण राज्य की मांग को लेकर उपवास की बात करना आम आदमी पार्टी के संयोजक की राजनीतिक स्वार्थ दर्शाता है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। केजरीवाल ने सत्ता में रहते हुए एक काम भी पूरा नही किया। अब अपनी राजनीतिक हार को सामने देखकर कांग्रेस के आगे गिड़गिड़ा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित से गठबंधन की भीख मांग रहे हैं। आम आदमी पार्टी का अस्तित्व बचाने के लिए कांग्रेस से गठबंधन करना चाह रहे हैं। 

गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी का राजनीतिक भविष्य जब-जब खतरे में होता है तो वह इस तरह के शगूफे को उठाती है। वर्तमान संसद का तो सत्रावसान हो चुका है। लिहाजा केंद्र सरकार से यह मांग बेमानी है। भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्लीवासियों को मूर्ख बनाने की कोशिश नहीं करे। चार वर्षों में उनकी विफलता की लंबी चौड़ी लिस्ट है।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें