आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को बादली विधानसभा में पद यात्रा की। लोगों ने उनका स्वागत किया और गले लगाया। इस दौरान केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि शुक्रवार को उन पर हमला करवाया। उन्होंने भाजपा का बिना नाम लिए कहा कि मुझे मारना चाहते हो, अगर हिम्मत है तो सामने आकर चुनाव लड़ो। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में 500 मोहल्ला क्लिनिक बनाए, लेकिन जिन राज्यों में भाजपा सरकार है वहां पांच हजार मोहल्ला क्लिनिक बना देने चाहिए।
केजरीवाल ने कहा कि स्कूल, अस्पताल बनवाएं, पानी-बिजली, महिलाओं के बस का किराया माफ किया। इस वजह से उन्हें जेल भेजा। दस साल में जो काम हुए रुकने नहीं चाहिए। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि भाजपा कहती है कि एक बार सत्ता मिल जाए तो दिल्लीवालों की भी मुफ्त बिजली बंद कर देंगे। विधानसभा चुनाव में दिल्ली के कामों पर बटन दबाना और जिसने काम किए उसके लिए दबाना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने पानी फ्री कर दिया। हर महीने बीस-बीस हजार लीटर पानी फ्री कर दिया। लेकिन, जब वह जेल गए तो इन्होंने झूठे मुकदमे में जेल भेज दिया। इसके बाद पता चला कि पानी के हजारों रुपये के बिल आ गए हैं। वो बिल भरने की जरूरत नहीं है।
अगर वह दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे तो सारे पानी के बिल माफ करा देंगे। केजरीवाल ने कहा कि सीवर ओवरफ्लो कर रहे हैं, सड़कें टूटी पड़ी हैं, बुजुर्गों की पेंशन रोक दी। जेल से निकलने के बाद सारे काम शुरू करा दिए हैं। सड़कों की मरम्मत शुरू करा दी है। सीवर का काम भी करा रहे हैं। बुजुर्गों की पेंशन भी शुरू करा दी है। बस मार्शलों को नौकरी पर लगा रहे हैं। अब कोई काम नहीं रुकेगा।
सरकारी स्कूलों का किया कायाकल्प : संजय सिंह
सांसद संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्लीवालों की बिजली मुफ्त कर दी। दिल्ली के सरकारी स्कूलों का कायाकल्प कर दिया। दिल्ली के शिक्षा मॉडल की तारीफ देश और दुनिया में होती है। पहले लोग कहते थे अमेरिका से सीखो, लेकिन अब अमेरिका वाले कहते हैं केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से सीखो। फरिश्ते स्कीम शुरू की। बुजुर्गों की मुफ्त तीर्थ यात्रा और महिलाओं के लिए मुफ्त बस की सुविधा शुरू की। दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक बनाए, सरकारी अस्पताल शानदार किए, लोगों की दवा और इलाज मुफ्त किया।