केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार हम दोनों का मकसद तो एक ही है- देश के हर नागरिक को अच्छा और सस्ता इलाज मिले, चाहे किसी भी योजना में मिले। आज दिल्ली के हर नागरिक को बेहतरीन इलाज फ्री में मिल रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में दिल्ली सरकार के कामों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है। दुनिया की कई बड़ी हस्तियों ने दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का निरीक्षण किया और सराहा है।
अतः दिल्ली में एक अच्छी स्वास्थ्य योजना चल रही है। इसको बंद करके दूसरी योजना लागू करने से किसी का फायदा नहीं होगा। आज अगर दिल्ली स्वास्थ्य योजना बंद करके आयुष्मान भारत योजना की गई तो लाखों दिल्लीवासियों का नुकसान हो जाएगा। पर हम चाहते हैं कि दिल्ली की योजना को और बेहतर करें। यदि आपकी नजर में आयुष्मान भारत योजना में कोई ऐसी बात है जो दिल्ली की स्वास्थ्य योजना में नहीं है तो कृपया बताएं। हम उन सभी अच्छी बातों को दिल्ली की योजना में भी शामिल कर लेंगे।
आप तो स्वयं एक अच्छे और अनुभवी डॉक्टर हैं। यदि आप व्यक्तिगत रूप से भी दिल्ली की योजना को सुधारने के लिए कोई सुझाव देना चाहें तो आपका स्वागत है।