घर में जब कोई बीमार पड़ जाता है तो हमे उसकी चिंता हो होती है लेकिन सबसे बड़ी चिंता यह हो जाती है कि बीमारी के इलाज के लिए पैसा कहां से आएगा। अब दिल्ली वालों को इलाज कहां कराना है इसकी चिंता करने की आवश्यकता नहीं होगी। दिल्ली सरकार दिल्ली के हर नागरिक के इलाज की जिम्मेदारी लेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने फ्री सर्जरी स्कीम को लांच करते हुए उक्त विचार व्यक्त किए।
सरकारी अस्पतालों में एक माह की वेटिंग सूची होने पर प्राइवेट अस्पतालों में इलाज कराने की सुविधा मिलेगी। तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित समारोह में केजरीवाल ने कहा स्वास्थ्य सेवाएं आजकल काफी मंहगी हो गई है। किसी के बीमार होते ही यह चिंता सताने लगती है कि इलाज का पैसा कहा से जुटाया जाए। मैंने पिछले दिनों सात सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया।
यहां पहुंचे मरीजों व उनके तीमारदारों का कहना था कि हालात पहले से बदले हैं। सभी ने सरकारी अस्पतालों के इलाज के अनुभव को अच्छा बताया। यह एक बड़ा बदलाव है। एक चीज देखने को मिली की सरकार की इन योजनाओं के बारे में डॉक्टरों को भी नहीं पता था। अगर कोई मरीज अस्पताल में पहुंचे, व उसके जांच को तुरंत कराना हो तो उसे प्राइवेट अस्पतालों में रेफर किया जा सकता है।
केजरीवाल ने इस मौके पर कहा कि कुछ लोग सरकार की इस योजना पर सवाल उठा रहे हैं कि इतने पैसे में तो सरकारी अस्पतालों में प्राइवेट जैसा इलाज हो जाएगा। लेकिन जब तक व्यवस्था नहीं हैं तब तक तो हमें दिल्ली के हर नागरिक के इलाज की चिंता करनी होगी। क्योंकि सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में प्राथमिक तौर पर काम कर रही है। कई जगह अस्पतालों का निर्माण चल रहा है।
दो-तीन साल में तैयार भी हो जाएगा। सरकारी अस्पतालों को जितने पैसे की जरूरत है वह पूरा किया जा रहा है। अस्पताल प्रस्ताव लेकर आए उस प्रस्ताव को हम 24 घंटे के भीतर पास कर देंगे। हमारी कोशिश है कि सभी जांच व सर्जरी एक महीने के भीतर हो जाए। किसी को भी इंतजार नहीं करना पड़े।
राष्ट्र का निर्माण सरकारे नहीं जनता करती है। स्कूलों और सड़कों का निर्माण होना चाहिए। दिल्ली सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा पर निवेश कर रही है। इससे यह लोग दिल्ली को आगे लेकर जाएंगे। अस्पतालों में भीड़ होती है उसके बावजूद डॉक्टर काम करते हैं।
ख्याति प्राप्त डॉक्टर करोड़ों की नौकरी छोड़कर सरकारी अस्पताल में सेवाभाव से काम कर रहे हैं। हम डॉक्टर और अस्पतालों को किसी भी चीज की कमी नहीं होने देंगे। जिनके पास अच्छे आईडिया हैं वह मेरे पास लेकर आए उस पर काम करेंगे। हम सब मिलकर दिल्ली को स्वास्थ्य व शिक्षा को मॉडल के रुप में स्थापित करेंगे।