एक ओर जहां नगर निगम के सफाईकर्मचारियों की हड़ताल के कारण पूरी दिल्ली गंदगी से पटी पड़ी है, वहीं सीएम केजरीवाल ने आज अखबारों में विज्ञापन देकर इस स्थिति पर सफाई दी है।
केजरीवाल ने विज्ञापन के माध्यम से ये सफाई देने की कोशिश की है कि हड़ताल के बारे में कुछ गलतफहमियां फैलाई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नगर निगम दिल्ली सरकार के अधीन नहीं आते।
हालांकि इस विज्ञापन में ये स्पष्ट किया गया है कि दिल्ली सरकार को भी नगर निगमों को खर्च के लिए कुछ पैसे देने होते हैं। बताया गया है कि कानून में भी ये बात साफ है कि सरकार को निगमों को कितने पैसे देने हैं, लेकिन जनता के बीच गलतफहमी फैलाई जा रही है।
विज्ञापन में ये भी बताया गया है कि इस वर्ष अक्टूबर तक पिछले साल से कहीं अधिक पैसे दिए जा चुके हैं। पिछले साल अक्टूबर तक 1859 करोड़ रुपए दिए गए थे जबकि इस साल अक्टूबर तक 2370 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। यानी 511 करोड़ रुपए ज्यादा दिए गए हैं।