अब तक अपने खर्चों से चलते विरोधियों के निशाने पर रहे केजरीवाल के लिए अब उनकी ही पार्टी के एक नेता की पत्नी मुसीबत का कारण बन गई हैं। केजरीवाल ने अपने इस समर्थक को खुश करने के लिए उनकी पत्नी को मलाईदर पद तोहफे में दिया है।
डेली मेल के मुताबिक हरियाणा से आप नेता नवीन जयहिंद की पत्नी स्वाति मालिवाल को केजरीवाल ने सलाहकार (शिकायत सेल) के तौर पर नियुक्त किया है। इतना ही नहीं उन्हें इस सेवा के बदले हर महीने 1.15 लाख रुपये महीने की सैलरी भी दी जाती है।
स्वाति को मोटी तनख्वाह के साथ उन्हें सरकारी गाड़ी और दिल्ली सचिवालय में एक ऑफिस भी दिया गया है। बता दें कि स्वाति के पति नवीन जयहिंद आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं। नवीन को पूर्व आप नेता योगेंद्र यादव का बड़ा आलोचक भी माना जाता है।
'200 रिश्तेदारों को दिए गए ऐसे ही पद'
इस बारे में आप के पूर्व प्रवक्ता राजीव गोडरा का कहना है कि नवीन को उनकी चापलूसी का इनाम दिया गया है। जबकि यह वही पार्टी है जो कल तक परिवारवाद और भाई-भतीजावाद की ओलाचना करती रही है।
राजीव का आरोप है कि इस तरह की नियुक्ति पार्टी के संविधान के भी खिलाफ है, क्योंकि इसमें साफ कहा गया है कि किसी भी नेता को एक पद देने के साथ ही उसके परिवार के किसी अन्य सदस्य को कोई पद नहीं दिया जाएगा।
राजीव का यह भी आरोप है कि स्वाति अकेली नहीं हैं जिन्हें इस तरह का लाभ पहुंचाया गया है बल्कि, पार्टी के करीब 200 ऐसे वर्कर हैं जिनके रिश्तेदारों को इस तरह के पद सलाहकार और मंत्रियों के सहायक के तौर दिए गए हैं।
बता दें कि नवीन जयहिंद पर हाल ही में कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया था जिसके बाद से वह संत परमानंद अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है।
क्यों उठ रहे सवाल
बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और कैबिनेट में शामिल मंत्रियों को उनके काम में मदद देने के नाम पर सरकार ने 200 कर्मचारियों की नियुक्ति की है। यह सभी अस्थाई पद हैं और इनकी नियुक्ति संविदा के आधार पर की गई है।
इस बात का खुलासा खुद सरकार ने विधानसभा में उठाए गए एक सवाल के लिखित जवाब में किया है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक ओपी शर्मा ने सरकार से यह सवाल पूछा था।
सवाल का जवाब विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन दिया गया। जवाब में बताया गया है कि पिछली सरकार में ऐसी 98 नियुक्तियां की गई थीं। यानि आप सरकार ने दोगुने से ज्यादा पद बना कर उस पर मन मुताबिक लोगों की नियुक्तियां की हैं।