दिलचस्प यह कि मीडिया में तीनों नाम आने के बाद के बाद सोशल मीडिया पर मुखर आप कार्यकर्ताओं ने सिर्फ संजय सिंह को ही बधाई दी है। सोशल मीडिया पर सुशील गुप्ता के खिलाफ मुहिम भी शुरू हो गई है।
इनके नाम से छपे उन पोस्टरों को शेयर किया जा रहा है, जिसमें बीते विधान सभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए हस्ताक्षर अभियान चलाया था। दूसरी तरफ अनौपचारिक बातचीत में कई आप विधायक भी संजय सिंह के अलावा दूसरे नामों से खुश नहीं हैं।
हालांकि, वह इस मसले में कुछ भी कहने से बचते रहे। वहीं, कुछ विधायकों को अभी भी पीएसी की बैठक में चमत्कार होने की उम्मीद है। जबकि एक वरिष्ठ नेता एनडी गुप्ता का नाम लेते ही इनकी पहचान से जुड़ा सवाल कर बैठे। एनडी गुप्ता के बारे में बताने पर उन्होंने अजीब सा चेहरा बनाया और चुप्पी साध ली।
सुशील गुप्ता के नाम से वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास को पार्टी पर यह आरोप लगाने का एक मौका और मिल सकता है कि इस मामले में आम कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। पिछले हफ्ते कई कार्यकर्ताओं ने कुमार के समर्थन में पार्टी दफ्तर पर प्रदर्शन भी किया था। लेकिन बाद में वह कुमार की अपील के बाद वापस लौट गये थे।
अब सुशील गुप्ता जैसे बाहरी नेताओं को टिकट मिलने से वह अपनी आवाज फिर से बुलंद करेंगे। सियायी घमासान के बीच पहले ही राज्य सभा जाने की इच्छा जता चुके कुमार विश्वास की चुप्पी रहस्यमयी है।
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि नामों का औपचारिक एलान होने के बाद उनकी पहली प्रतिक्रिया क्या होती है। खासतौर से तब, जब एक पूर्व कांग्रेसी को पार्टी राज्य सभा भेजने जा रही है, जिसके खिलाफ बीते चुनाव में आप कार्यकर्ता सियासी जंग लड़ चुके हैं।
पार्टी की तरफ से हाशिये पर डाल दिए गए कुमार विश्वास को गुजरात से समर्थन मिला है। सामाजिक कार्यकर्ता हार्दिक पटेल ने मंगलवार को ट्वीट किया कि संसद में अगर कोई एक आदमी फर्जी राष्ट्रवादियों को चुप करा सकता है तो वह कुमार विश्वास हैं। पता नहीं, आम आदमी पार्टी में किसे उनके कद से असुरक्षा है कि वह पार्टी व मौका दोनों ही खत्म करने पर तुले हैं।
बेशक अभी पीएसी में नाम तय होने का हवाला देते हुए पार्टी दावेदारों के नाम का खुलासा नहीं कर रही है, लेकिन संजय सिंह के नामांकन को ऐतिहासिक बनाने के लिए यूपी वालों को चार फरवरी को दिल्ली पहुंचने का बुलावा भेजा जा रहा है।
यूपी के एक जिला संयोजक ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि संजय सिंह बृहस्पतिवार को राज्य सभा का नामांकन करेंगे। यूपी के साथी इस मौके को ऐतिहासिक बनाने के लिए सुबह 10 बजे दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय पर पहुंचे।