दिल्ली में रविवार को हुई हिंसा में आज दिल्ली पुलिस ने एक एफआईआर दर्ज की है जिसमें आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई के नेता कासिम उस्मानी का भी नाम है। राजनेताओं के नाम सामने आने के बाद से दिल्ली की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। इस पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बड़ा बयान भी सामने आया है।
केजरीवाल ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस की और कहा कि हाल में हुई हिंसक वारदातों में आप का नाम खींचने की कोशिश की जा रही है। आम आदमी पार्टी ऐसा क्यों करेगी? इससे हमें क्या फायदा होगा? हम सबको शांति बनाकर रखनी चाहिए। सिर्फ वो लोग जो आने वाले चुनाव में हार से डरे हुए हैं वो ही दंगा भड़का रहे हैं।
केजरीवाल ने आगे दिल्ली के वकीलों के लिए एक बड़ी घोषणा भी की। लंबे समय से वकील एक मांग कर रहे थे जिसे हमने वादा किया था कि पूरा करेंगे। हमने उनके वेलफेयर के लिए 50 करोड़ की राशि अलग रखी है और एक कमेटी बनाई थी कि कैसे ये पैसे खर्च होंगे। इस कमेटी ने चार मांगें की हैं, कैबिनेट ने उन सभी को स्वीकार कर लिया है।
हमने दिल्ली के उन वकीलों को जो यहां के वोटर हैं उनके लिए पांच लाख तक के मेडिकल बीमा, 10 लाख तक के जीवान बीमा का इंतजाम किया है। इनकी सुविधा के लिए ई-लाइब्रेरी और कोर्ट परिसर में जगह-जगह क्रेच भी बनाए जाएंगे।