प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को ट्विटर पर लगातार सवाल पूछे। डियर नरेंद्र मोदी जी संबोधित करके केजरीवाल ने 10 सवाल उठाए। इसमें छह सवाल तो महज चार मिनट में पूछे।
वहीं भारत माता की जय बोलने व ना बोलने वालों पर हमले, रोहित वेमुला, जजों की संख्या, भ्रष्टाचार में चुप्पी और बैंकों के एनपीए कम करने की नाकामी पर भी सवाल उठाए हैं। साथ ही बड़े विज्ञापन खर्च को लेकर भी प्रश्न किया।
उन्होंने नरेंद्र मोदी की तुलना एक ट्वीट में चुप्पी के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भी की। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने पहला ट्वीट सुबह आठ बजे किया। इसमें लिखा मोदी सरकार ने दो साल की मार के एक आयोजन के विज्ञापन पर कितना खर्च? सूत्रों के हवाले से जवाब दिया- एक हजार करोड़ रुपये से ज्यादा।
जबकि दिल्ली सरकार के सभी विभागों ने एक साल में महज 150 करोड़ रुपये खर्च किए। इसके बाद शाम साढ़े चार बजे फिर ट्वीट करना शुरू किया। ट्वीट में डियर नरेंद्र मोदी के संबोधन से कहा कि दो साल पहले वादा किया था कि टीम इंडिया मतलब सिर्फ पीएम नहीं, सीएम भी शामिल हैं, लेकिन अब मुख्यमंत्रियों को अस्थिर करने की साजिश है।
वहीं नई अदालत और जजों की दोगुना संख्या करने का वादा था, लेकिन सीजेआई को आपके सामने रोना पड़ा। दलितों को शिक्षा का वादा था, लेकिन रोहित वेमुला की संस्थान में हत्या मामले में चुप्पी और किसानों को लागत से 50 फीसदी लाभ का वादा था, लेकिन हजारों किसान की आत्महत्या के बावजूद ऐसा करने से मना किया।
केजरीवाल ने कहा, भ्रष्टाचार मुक्त शासन का वादा किया था, लेकिन व्यापम, ललित गेट, माल्या व खड़गे मामले में मनमोहन जी की तरह चुप्पी, बैंकों के नॉन परफॉरमिंग एसेंट्स (एनपीए) कम करने का वादा था, लेकिन डिफॉल्टर विजय माल्या को भागने का मौका दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने शाम को फिर एक साथ तीन ट्वीट किए। केजरीवाल ने कहा, जो लोग कश्मीर में भारत माता की जय कहते हैं और जो कश्मीर के बाहर भारत माता की जय नहीं कहते हैं, दोनों पर हमले किए जा रहे हैं। अल्पसंख्यकों, छात्रों और दलितों को निशाना बनाया जा रहा है तो व्यापारी और जौहरी निराश हैं। हर कोई असुरक्षित महसूस कर रहा है। यहां तक कि वरिष्ठ महिला पत्रकार को धमकी और गालियां वो लोग दे रहे हैं जो आपको फॉलो करते हैं।