-आप संयोजक ने कहा, सरकार के दबाव में पेपर लीक-ई20 पर आवाज दबाई जा रही, पीड़ित यूजर्स से मैसेज करने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को मेटा इंडिया पर भारत में उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सीमित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कारण पूछने पर मेटा कोई जवाब नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दबाव में मेटा, पेपर लीक और ई-20 पेट्रोल के खिलाफ उठ रही आवाजों को दबा रहा है।
आप मुख्यालय की ओर से एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो में केजरीवाल ने कहा कि इंस्टाग्राम की ओर से उन्हें नोटिस मिला कि उनका अकाउंट भारत में सप्रेस और सीमित कर दिया गया है। उन्होंने मेटा प्रबंधन को फोन, ईमेल के जरिए संपर्क करने की कोशिश की लेकिन कंपनी की ओर से न तो उन्हें कारण बताया गया और न ही प्रतिबंध हटाने का तरीका। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी तरह सरकार के खिलाफ बोलने वाले कई लोगों के अकाउंट भी सीमित किए गए हैं।
अकाउंट सप्रेस करने वाले इंस्टाग्राम यूजर्स उन्हें करें मैसेज
उन्होंने देशभर के यूजर्स से अपील की कि जिनका अकाउंट भी इस तरह सीमित किया गया है वे उन्हें डायरेक्ट मैसेज (डीएम) करें या कमेंट में लिखें। हम सब मिलकर मेटा और इंस्टाग्राम पर दबाव डालेंगे कि वे इस तरह की बदमाशी न करें और मोदी जी के सामने घुटने न टेकें।