फरीदाबाद के मौजपुर टोल प्लाजा के समीप कश्मीरी ट्रक चालक मकबूल बट्ट को पाकिस्तानी व उग्रवादी कह कर अर्द्धनग्न कर पीटने के मामले में थाना छायंसा पुलिस ने मौजपुर ट्रैफिक पुलिस बूथ के प्रभारी (जोनल ऑफिसर) एएसआई धर्मबीर के खिलाफ मारपीट व भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
इसके अलावा एसीपी तिगांव भगत राम ने दो हेड कांस्टेबल व दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। इस प्रकरण में पुलिस बूथ पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों व होमगार्ड को तत्काल प्रभाव से वहां से तबादला कर दिया गया। बता दें कि कश्मीर के काजीगुंड चंदेन का रहने वाला ट्रक चालक मकबूल कश्मीर से सेब लेकर पश्चिम बंगाल गया था। वहां से लौटते समय उसने ट्रक में दिल्ली के लिए पाइप लोड कर लिए थे।
मकबूल के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उसने मौजपुर टोल के पास सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर टोल की पर्ची कटवाने गया था। मकबूल ने आरोप लगाया था कि वह पर्ची कटवाकर वापस ट्रक पर पहुंचा तो तीन-चार पुलिसकर्मी आ गए और उसे ट्रक से नीचे उतार लिया।
उसने उन्हें टोल की पर्ची भी दिखाई कि वह टोल कटवाकर आ रहा है, मगर उन्होंने कुछ नहीं सुना और पीटना शुरू कर दिया। मकबूल ने यह भी आरोप लगाया था कि पुलिसकर्मियों ने उससे 30 हजार रुपये भी लूट लिए। वायरल वीडियो में मकबूल के साथ दो और ट्रक चालक भी दिखाई दे रहे हैं, जोकि पुलिसकर्मियों द्वारा पीटने की बात कह रहे हैं।
पाकिस्तानी और उग्रवादी कहकर पीटा
मकबूल बट्ट को पीटने के बाद उससे बातचीत का एक वीडियो शुक्रवार देर शाम वायरल हुआ। वायरल वीडियो में मकबूल बता रहा है कि पुलिसकर्मियों ने उसे पाकिस्तानी और अग्रवादी कहकर बुरी तरह पीटा।
पुलिसकर्मियों ने मकबूल को यह भी कहा कि वह उन्हें देश में रहने नहीं देंगे। मकबूल के अलावा दो अन्य व्यक्ति भी वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। वे भी उन पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं।
खबर छपने के बाद हरकत में आई पुलिस
कश्मीरी चालक को पीटने की खबर शनिवार को अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद जिला पुलिस हरकत में आई। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो व खबर के आधार पर मामले की जांच करवाई गई तो मामला सही पाया गया।
इस पर पुलिस आयुक्त केके राव के आदेश पर शनिवार को छायंसा थाने में ट्रैफिक बूथ प्रभारी एएसआई धर्मबीर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इसके अलावा एसीपी तिगांव ने हवलदार व सिपाही पद के चार पुलिसकर्मियों सत्यवान, चरण सिंह, रामनिवास व नरेंद्र को निलंबित किए जाने की पुष्टि की। बूथ पर तैनात दो होमगार्ड जवानों को भी हटा कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए उनके कमांडेंट को लिखा गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पूछताछ में धर्मबीर ने बताया कि चेकिंग के दौरान मकबूल का 18 हजार रुपये का चालान काटा गया था। इस दौरान कहासुनी होने पर चालक ने एक पुलिसकर्मी का गिरेबान पकड़ लिया, जिस पर गुस्से में आकर पुलिसकर्मियों ने उसकी पिटाई कर दी थी।