उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लोक निर्माण विभाग के कार्यक्रम में यह जता गए कि गाजियाबाद के विकास पर योगी सरकार दूसरे जिलों से ज्यादा धन खर्च करेगी। नोएडा और गाजियाबाद ऐसे जिले हैं, जिन्हें दिल्ली आने वाले लोग यूपी के चेहरे के तौर पर देखते हैं।
केशव प्रसाद 2019 की तैयारी के तहत पश्चिमी यूपी का दौरा करने निकले हैं। उन्होंने खुद ही कार्यक्रम में बताया कि उन्हें पश्चिमी यूपी के सभी जिलों में जाना है। गाजियाबाद से उन्होंने शुरुआत की है।
सड़कों के गड्ढा मुक्त अभियान की समीक्षा शुरू
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में एक लाख 21 हजार किलोमीटर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने को अभियान चलाया गया। इसमें से 85 हजार किलोमीटर सड़कों को लोक निर्माण विभाग ने गड्ढा मुक्त कर दिया। अब हम स्पेशल टीम भेजकर गड्ढा मुक्त सड़कों की सच्चाई का पता लगा रहे हैं।
गाजियाबाद में 362 किलोमीटर लंबी 181 सड़कों को गड्ढा मुक्त करने को 1900 लाख रुपये मिले थे। विभाग के अधिकारी 164 का पूरा करने का दावा कर रहे हैं, बाकी काम जल्द कराने को कहा जा रहा है।
10 लेन बनेगा मेरठ-सहारनपुर मार्ग
केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह ने कहा कि सपा सरकार से हमने कई बार मेरठ-सहारनपुर मार्ग को केंद्रीय निधि से बनाए जाने को एनओसी देने को कहा, लेकिन नहीं दी गई। अब केशव प्रसाद मौर्य के पास लोक निर्माण आने के बाद इस रोड को एनओसी मिल गई है। इसके लिए धनराशि भी स्वीकृत हो गई है। यह रोड 10 लेन बनेगा। ई-टेंडरिंग के जरिए जो ठेकेदार भी इसे बनाएगा, उसे अच्छी तरह से बनाना होगा।