करबला में मुस्लिम समुदाय के प्रदर्शन की आशंका के चलते आईएनए ,जोर बाग व रेस कोर्स मेट्रो स्टेशन के शटर दिनभर डाउन रहे।
इस दौरान यात्रियों को अंदर आने व बाहर जाने से रोकने के लिए गेट समेत ट्रेन का स्टॉपेज भी उक्त स्टेशन पर बंद रहा। डीएमआरसी ने दिल्ली पुलिस के निर्देश पर दोनों मेट्रो स्टेशन को सुबह से शाम तक बंद रखा। मेट्रो स्टेशन के बंद रहने से यात्रियों को बेहद दिक्कत हुई।
कर्बला में मुस्लिम समुदाय तीसरी बार विरोध प्रदर्शन करने पहुंच रहा था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने बार्डर तो सील कर दिया था, लेकिन सैकड़ों की संख्या में दिल्ली मेट्रो में वैशाली से करबला पहुंचने की फिराक में थे।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए डीएमआरसी को जोर बाग और आईएनए मेट्रो स्टेशन यात्रियों के लिए सुबह 10.17 मिनट पर बंद करने के निर्देश दे दिए। इसी बीच दुपहर को कुछ प्रदर्शनकारी रेस कोर्स मेट्रो स्टेशन से करबला तक पहुंचने में कामयाब हो गए। पुलिस ने दोपहर 1.35 मिनट पर रेस कोर्स मेट्रो स्टेशन को भी बंद करवा दिया।
जोर बाग और आईएनए मेट्रो स्टेशन 6.48 घंटे तो रेस कोर्स 3.30 घंटे तक बंद रहे। उक्त तीनों स्टेशनों के गेट यात्रियों के लिए बंद करने के साथ ही प्रबंधन ने राजधानी समेत एनसीआर के मेट्रो स्टेशनों व ट्रेन के अंदर जोर बाग, रेस कोर्स व आईएनए मेट्रो स्टेशन के बंद होने की सूचना भी प्रसारित करवा दी ताकि यात्री उसी आधार पर आगे की योजना बना सकें।
मेट्रो स्टेशन के शटर यात्रियों के लिए बंद होने का प्रभाव जोर बाग व रेस कोर्स में तो अधिक देखने को नहीं मिला, लेकिन आईएनए में यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिली। येलो लाइन पर आईएनए व्यस्तम मेट्रो स्टेशनों में से एक हैं।
इस स्टेशन का प्रयोग छात्र, ऑफिसकर्मी समेत सरोजनी नगर मार्केट में शापिंग करने आने वाले ग्राहक सबसे अधिक करते हैं। ऑफिस टाइम में मेट्रो गेट बंद रहने से ऑफिस कर्मियों को एम्स मेट्रो स्टेशन से दुबारा लौट कर आना पड़ा।
बता दें कि आईएनए मेट्रो स्टेशन के आसपास हजारों की संख्या में सरकारी फ्लैट हैं और वहां रहने वाले कर्मी व छात्र मेट्रो का प्रयोग करते हैं। बता दें कि इससे पहले 11 व 31 मार्च को भी दिल्ली पुलिस के निर्देश पर डीएमआरसी ने दिनभर मेट्रो स्टेशन के गेट बंद रखे थे।
डीएमआरसी प्रवक्ता एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुज दयाल के मुताबिक, तीनों स्टेशन यात्रियों के आने-जाने के लिए पूरी तरह बंद रहे। हालांकि इस दौरान ट्रेन का संचालन जहांगीरपुरी से हुड्डा सिटी सेंटर के बीच येलो लाइन पर सामान्य रूप से चलता रहा। महज ट्रेन जोर बाग, रेसकोर्स और आईएनए मेट्रो स्टेशन पर नहीं रूकी।