दिल्ली के स्कूलों में कमरे बनवाने में हुए 2000 करोड़ रुपए के कथित घोटाले को लेकर कपिल मिश्रा की शिकायत के बाद अब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जवाब दिया है। मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि अगर घोटला हुआ है तो हमें गिरफ्तार कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने सारी चीजों की जांच कर ली है, वो बस शोर करते रहते हैं।
बता दें कि भाजपा सांसद मनोज तिवारी द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर 2000 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाने के बाद आम आदमी पार्टी से निलंबित विधायक कपिल मिश्रा ने मंगलवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत करने के बाद कपिल मिश्रा ने ट्विटर पर एफआईआर की कॉपी शेयर करते हुए इस बात की जानकारी दी थी।
बता दें कि शिकायत करने से पहले कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा था कि आज तीन बजे पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के खिलाफ एफआईआर करवाने जा रहा हूँ। उन्होंने आगे लिखा था कि सिसोदिया ने कलमाडी स्टाइल में स्कूलों में कमरे के नाम पर 2000 करोड़ का घोटाला किया है।
कपिल मिश्रा ने ट्वीट किया था कि यह वही थाना है जहां अरविंद केजरीवाल ने शीला दीक्षित के खिलाफ कामनवेल्थ घोटाले की शिकायत की थी।