आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय परिषद की बैठक में कुमार विश्वास की खामोशी पर दूसरे दिन दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने तीखे सवाल किए हैं। कपिल मिश्रा ने कुमार विश्वास के नहीं बोलने की वजह पूछते हुए कहा है कि उनकी दुविधा क्या है, वह किस असमंजस में फंसे हैं और अभी भी उन्हें कौन सी उम्मीद बची है।
इस बावत कपिल मिश्रा ने कई वजहें गिनाई हैं, जहां विश्वास की चुप्पी संदेह पैदा करती है। कपिल मिश्रा ने इस बारे में खुला पत्र भी लिखा है। कपिल मिश्रा ने अपने पत्र का आधार विश्वास के उस ट्वीट को बनाया है, जिसमें विश्वास ने कहा था कि पार्टी में उनके बोलने से कुछ लोग डरते हैं।
कपिल का कहना है कि इसका सीधा मतलब यह हुआ कि विश्वास को कुछ ऐसी चीजें पता हैं, जिससे दूसरे नेताओं पर संकट पैदा हो सकता है। मिश्रा का सवाल है कि विश्वास वो राज क्यों छिपा रहे हैं। क्या वह राज भ्रष्टाचार, हवाला, काले धन व राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। मिश्रा ने सलाह दी कि देशधर्म से बड़ा तो कुछ नहीं होता। ब्यूरो