हरिनगर इलाके में शुक्रवार देर रात डाक कांवड़ लेने जा रहे एक ट्रक को पीछे से दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़ियां की मौत हो गई, जबकि चालक समेत 3 लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला कि घटना के समय कांवड़ियों के ट्रक का चालक बारिश शुरू होने पर अपने ट्रक पर त्रिपाल लगा रहा था। इस दौरान पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान प्रह्लादपुर, दिल्ली कैंट निवासी मोहित (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मोहित अपने दोस्तों के साथ डाक कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहा था। सभी देर रात 2:15 बजे के आसपास बिंदापुर से ट्रक से निकले थे। सागरपुर बस स्टैंड के पास अचानक तेज बारिश होने लगी। ट्रक चालक जनकपुरी निवासी विजय ठाकुर (40) ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर ट्रक पर त्रिपाल लगाने लगा।
पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने कांवड़ियों के ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चालक विजय कुमार समेत चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर मोहित को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की पहचान सागरपुर निवासी अंकित (27) और अभिषेक (27) के रूप में हुई।
छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी अजय शंकर (41) को गिरफ्तार कर लिया। वह गुरुग्राम से ट्रक पर स्क्रैप लादकर ख्याला की ओर जा रहा था। आरोपी ने बताया कि बारिश होने की वजह से वह सड़क किनारे खड़े ट्रक को देख नहीं पाया था, जिस कारण हादसा हो गया।