नोएडा से मेरठ, हरिद्वार व कोटद्वार के बीच आवाजाही करने वाले बस यात्रियों को लंबा सफर तय करना होगा। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर एक अगस्त से बस सेवा पर रूट डायवर्जन की मार पड़ने जा रही है।
नोएडा से वाया मोहन नगर आवाजाही करने वाली बसें वाया हापुड़ व किठौर चलेंगी। दूरी बढ़ने पर रोडवेज प्रबंधन ने किराये में 20 से 42 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। यात्रियों को लंबा सफर तय करने के साथ-साथ किराया भी अधिक चुकाना पड़ेगा।
गाजियाबाद से मेरठ को जोड़ने वाले एनएच-58 पर मंगलवार से भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। हालांकि, मंगलवार को बसों का संचालन पुराने रूट से जारी रहेगा, लेकिन एक अगस्त से रूट बदल दिया जाएगा।
रोडवेज प्रबंधन के मुताबिक नोएडा से मोहन नगर, गाजियाबाद, मोदीनगर और मुरादनगर नगर होकर मेरठ आवाजाही करने वाली बसों को वाया पिलखुवा, हापुड़ और खरखौदा चलाया जाएगा।
42 किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करना होगा
इससे इस रूट की दूरी 15 किलोमीटर बढ़ जाएगी। इसके अलावा वाया किठौर भी इस रूट पर बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे 42 किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करना होगा।
नोएडा से मेरठ के बीच आवाजाही करने वाली बसों को वाया हापुड़ चलाए जाने से यात्रियों को 38 किलोमीटर लंबी और वाया मीरापुर चलाए जाने से 23 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी।
इसी तरह नोएडा से कोटद्वार के बीच आवाजाही करने वाली बसों को वाया हापुड़ चलाए जाने से 15 किलोमीटर और वाया किठौर चलने वाली बस में 40 किलोमीटर लंबी अधिक दूरी तय करनी होगी।
कितना बढ़ा किराया
रूट किराया पहले किराया अब
नोएडा से मेरठ 73 रुपये 93 रुपये (वाया हापुड़)
121 रुपये (वाया किठौर)
नोएडा से हरिद्वार 236 रुपये 270 रुपये (वाया हापुड़)
257 रुपये (वाया मीरापुर)
नोएडा से कोटद्वार 224 रुपये 246 रुपये (वाया हापुड़)
266 रुपये (वाया किठौर)
संशोधित किराया सूची जारी कर दी है। इन रूटों पर सबसे ज्यादा बसों का संचालन होता है। गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस के दिशानिर्देश पर एक अगस्त से बसों का रूट बदल दिया जाएगा। एके वर्मा, एआरएम-नोएडा डिपो।