गीता कॉलोनी इलाके में दिल्ली नगर निगम के कार्यालय की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । गीता कॉलोनी इलाके में दिल्ली नगर निगम के एक कनिष्ठ अभियंता(जेई) के कार्यालय में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पहचान मयूर कुमार के रूप में हुई है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि एक मामले की सेटलमेंट के बहाने चार युवकों ने मारपीट और ईंट से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मुजफ्फरनगर, यूपी निवासी मयूर कुमार दिल्ली नगर निगम में कनिष्ठ अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। गीता कॉलोनी थाने में दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर कार्यालय में तरुण गुप्ता नाम का व्यक्ति तीन अन्य युवकों के साथ पहुंचा और सेटलमेंट का दबाव बनाकर धमकी देने लगे। इसके बाद आरोपियों ने उन पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। पीड़ित ने किसी तरह से पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी वहां से भाग गए।