शिवरात्रि के साथ पूरी हुई यात्रा, सेवा शिविर हट रहे, यातायात प्रतिबंधों में होगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रही पूर्वी दिल्ली की सड़कें अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगी हैं। शिवरात्रि के साथ कांवड़ यात्रा का समापन हो गया। हरिद्वार व गंगोत्री से गंगाजल लेकर पहुंचे लाखों शिवभक्तों ने सोमवार को मंदिरों में जलाभिषेक किया। इसके साथ ही पिछले करीब दो सप्ताह से सड़कों पर नजर आ रही कांवड़ यात्रा की रौनक खत्म होने लगी है।
सेवा शिविर, भंडारे व विश्राम स्थल अब हटाए जा रहे हैं। विशेष कांवड़ मार्ग व यातायात संबंधी इंतजाम भी धीरे-धीरे सामान्य किए जा रहे हैं। जीटी रोड, शाहदरा, सीलमपुर, मौजपुर, जाफराबाद, दिलशाद गार्डन, झिलमिल, वजीराबाद रोड व पुश्ता रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर अब कांवड़ियों की आवाजाही कम हो गई है।
सामाजिक, धार्मिक व स्वयंसेवी संगठनों ने कांवड़ियों के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा, विश्राम, मोबाइल चार्जिंग व प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं दी थीं। अब यात्रा पूरी होने के बाद शिविरों को हटाने व सड़कों को व्यवस्थित करने का काम शुरू हो गया है।
यात्रा के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए कई मार्गों पर यातायात बदलाव व डायवर्जन लागू थे। अब कांवड़ियों की संख्या कम होने व शिविर हटने के साथ यातायात व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है, जिससे पूर्वी दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर रोज सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।